बांदा: बाइक और टेंपो की जोरदार भिड़ंत, दो दोस्तों की मौत और तीसरा घायल, गंभीर हालत में कानपुर रेफर, परिजन बेहाल
Banda News: छतरपुर जिले में टेंपो और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बांदा निवासी दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक भद्रकाली मेला देखकर बाइक से लौट रहे थे।
विस्तार
बांदा में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बांदा जिले के सीलप गांव निवासी तीन दोस्त मंगलवार को भद्रकाली मेला देखने गए थे। दोपहर करीब दो बजे तीनों बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान मध्य प्रदेश के गौरिहार थाना क्षेत्र के पलटा गांव के मोड़ पर सामने से आ रहे सवारियों से भरे टेंपो से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 17 वर्षीय आशीष पाल और 16 वर्षीय प्रेमपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे साथी 18 वर्षीय निर्मित की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
