{"_id":"621f156dd6df7557a55451b4","slug":"history-sheeter-beat-up-youth-by-taking-them-hostage-in-house","type":"story","status":"publish","title_hn":"दबंगई: घर में बंद कर युवकों को रातभर पीटता रहा हिस्ट्रीशीटर, ऐसे बचाई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दबंगई: घर में बंद कर युवकों को रातभर पीटता रहा हिस्ट्रीशीटर, ऐसे बचाई जान
Wed, 02 Mar 2022 12:48 PM IST
शाहरुख खान
अमर उजाला नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला नेटवर्क, आगरा
Published by: शाहरुख खान
Updated Wed, 02 Mar 2022 12:48 PM IST
सार
आगरा जिले में दबंगई का मामला सामने आया है। यहां एक हिस्ट्रीशीटर ने युवकों को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। पिटाई से दोनों युवक बेहोश हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल कराया है।
विज्ञापन
पीड़ित
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर ने सोमवार रात को अपनी एक्टिवा मांगने पर एक युवक और उसके साथी को घर में बंधक बनाकर जमकर पीटा। इससे दोनों बेहोश हो गए। मंगलवार तड़के दोनों किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकले। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया है।
विज्ञापन
ये है मामला
कालिंदी विहार निवासी मयंक ने बताया कि उनके इलाके में एक हिस्ट्रीशीटर रहता है। चार दिन पहले उसकी गाड़ी पंक्चर हो गई थी। वह उसके पास आया। अपनी गाड़ी को छोड़ दिया। इसके बाद उनकी एक्टिवा ले गया। इसके बाद आरोरी उनकी एक्टिवा देने नहीं आया। कॉल भी रिसीव करना बंद कर दिया। आरोप है कि सोमवार रात को मयंक अपने साथी शिवम गोयल निवासी यमुना ब्रिज के साथ गुलाब नगर चाऊमीन खाने के लिए गया था, वहां पर हिस्ट्रीशीटर भी आया था।
विज्ञापन
रस्सी से बांधकर रखा
मयंक ने उससे अपनी एक्टिवा मांगी। आरोपी कहने लगा कि कटवा दी है। मयंक ने विरोध किया। इस पर आरोपी ने अपने अन्य दस साथी बुला लिए. आरोपी दोनों को पकड़कर अपने घर के बराबर वाले मकान में ले गए। उन्हें बंधक बना लिया। कपड़े उतारने के बाद रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने पट्टा, रस्सी और बेल्ट से उन दोनों को जमकर पीटा। रात 11 बजे से तीन बजे तक पीटते रहे। जान से मारने की धमकी दी। पिटाई से मयंक और शिवम बेहोश हो गए।
विज्ञापन
मौका पाकर भाग निकले पीड़ित
बाद में आरोपी बाहर बैठकर शराब पीने लगे। उधर, होश आने पर मयंक और शिवम वहां से किसी तरह भागकर घर पहुंचे। परिवार को घटना की जानकारी दी। हिस्ट्रीशीटर की धमकी से पीड़ित दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ शिकायत मिली है। दोनों पीड़ितों का मेडिकल कराया गया है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया गया है कि हिस्ट्रीशीटर मूलरूप से हाथरस का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, लूट व दुष्कर्म सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वह एत्माद्दौला इलाके में रह रहा है।