आगरा: लकी ड्रॉ में 25 लाख रुपये, कार का झांसा देकर तीन लाख की ठगी, शातिरों से रहें सावधान
साइबर अपराधी अब लकी ड्रॉ के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। आगरा में ऐसा ही मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक से तीन लाख रुपये ठग लिए गए।
विस्तार
आगरा में साइबर अपराधियों ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नाम पर जोधपुर के एक प्लांट के कर्मचारी को शिकार बना लिया। उसे लकी ड्रॉ में 25 लाख रुपये, कार और बंगले का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग तरीके से तीन लाख रुपये जमा करा दिए। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है।
गांव हरि का पुरा, इरादत नगर निवासी रविंद्र जोधपुर में कंक्रीट के प्लांट में काम करता है। एक सप्ताह पहले उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसका ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 25 लाख रुपये का लकी ड्रा निकला है। व्हाट्सएप पर एक फर्जी प्रमाणपत्र भेजा गया।
कॉल करके रुपये जमा करने को कहा
बाद में कॉल करके कहा गया कि लकी ड्रा की राशि लेने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में दस हजार रुपये जमा कराने होंगे। रविंद्र ने रकम जमा कर दी। उससे एक बार फिर दस हजार रुपये जमा कराए गए। दो दिन बाद कॉल आया कि लकी ड्रा में कार भी निकली है। इसके लिए 75 हजार रुपये अलग से जमा कराने होंगे।
ऐसे ही फिर बंगला निकलने का झांसा दिया गया। उन्हें फोन करके बुधवार को रकम का चेक, कार और बंगले की चाबी लेने के लिए बालूगंज बुलाया गया। वह परिवार सहित आ गए। वहां कोई नहीं पहुंचा। बाद में उनको फोन कर फिर से रकम मांगी गई। रविंद्र ने एसएसपी मुनिराज जी. से शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच साइबर सेल को भेजी है।
एटीएम कार्ड का नंबर किसी को भी नहीं बताएं
साइबर अपराधी लोगों के एटीएम कार्ड के नंबर का भी इस्तेमाल ठगी में कर सकते हैं। अपने एटीएम कार्ड का नंबर भी किसी को नहीं बताएं। पुलिस के पास ऐसे मामले पहुंचे हैं, जिनमें मोबाइल पर लगातार मैसेज आ रहे हैं कि आपने लेन-देन की कोशिश की लेकिन सीवीवी या वैधता अवधि गलत दर्ज करने के कारण इसे रद्द कर दिया गया।
आशंका है कि साइबर अपराधी एटीएम कार्ड का नंबर लेकर शॉपिंग की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि भारत में ऑनलाइन शॉपिंग होने पर मोबाइल पर ओटीपी आता है। लेकिन इंटरनेशनल भुगतान पर ओटीपी नहीं आता है।
झांसे में जमा नहीं करें रकम
एसएसपी मुनिराज जी. ने कहा कि साइबर अपराधी नए नए तरीके अपनाकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही बचाव है। अंजान व्यक्ति के कॉल आने पर भरोसा नहीं करें। पुलिस से शिकायत करें।