मुंह मीठा करवा सास को किया कंगाल: नशीली गुजियां खिलाकर जेवरात समेत कैश निकाल कर हुई फरार, वादा भी तोड़ा
विवाहिता ने सास के साथ हैरान कर देने वाली हरकत की। सास को नशीली गुजिया खिलाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद घर से जेवरात और कैश लेकर फरार हो गई।
विस्तार
एटा के थाना निधौली कलां में एक विवाहिता ने सास को नशीली गुजिया खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से जेवरात और कैश लेकर फरार हो गई। घटना को लेकर ससुर ने पुत्रवधु और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वारदात एक माह पहले की बताई जा रही है। इसके बाद पंचायत हुई तो नकदी व जेवरात लौटाने का वादा किया गया, लेकिन समझौता की बात नहीं मानने पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
ये है मामला
गांव रामपुर निवासी हरिकेश की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में कहा गया कि बेटे विनय की शादी खुशबू निवासी व थाना कस्बा मिरहची के साथ हुई थी। पुत्रवधु से शादी के बाद ही अनबन रहने लगी और वह अपने मायके चली आई। आरोप है कि नौ मार्च को पुत्रवधु अपने भाई प्रथम कुमार और मामा गुरुपाल के साथ घर आई।
ये भी पढ़ें - Firozabad: एटीएम बदल कर खाते से लाखों पार करने वाला एक गिरफ्तार, 15 डेबिट कार्ड बरामद; अब तक की 50 वारदात
सास को खिलाई नशीली गुजिया
अपनी सास सुनीता देवी से मीठी-मीठी बातें की और अपने साथ मायके से लाई नशीली गुजियां को खिला दिया। इसके बाद सुनीता बेहोश हो गईं। पुत्रवधु अपने भाई और मामा के साथ मिलकर अलमारी का ताला तोड़ने के बाद 65 हजार रुपये, चार चूड़ियां सोने की, एक हार, एक चैन, दो अंगूठी, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी झुमकी आदि सामान ले गई।
ये भी पढ़ें - अतीक-अशरफ हत्याकांड: शूटर अरुण से जुड़े पांच सवाल कर रहे जांच एजेंसियों को परेशान? जवाब मिले तो सुलझेगी गुत्थी
ससुराल वाले थे होली मिलन में व्यस्त
बताया गया है कि कि उस समय परिवार के अन्य सदस्य होली मिलन के कार्यों में अन्य गांवों में गए थे, तभी मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया गया। सास ने होश में आने पर पूरी बात बताई। इसके बाद पंचायत हुई, तो इन लोगों ने नकदी व जेवरात वापस करने का वादा किया और पुलिस कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई। इसके बाद इंतजार किया जाता रहा, लेकिन अब तक न तो रकम दी गई और नाहीं जेवरात। जिसके बाद सोमवार को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई ।
ये भी पढ़ें - सेक्स रैकेट: जिस होटल को एक माह पहले किया गया था सील वहां चल रही थी अय्याशी, पुलिस को देख छूटे पसीने
दर्ज हुई रिपोर्ट
प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने बताया कि विवाहिता, उसके भाई व रिश्तेदार पर सास को बेहोश कर जेवरात व नकदी ले जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।