मातम में बदलीं खुशियां: शादी में बटेश्वर जा रहीं मां-बेटी, दामाद और धेवती की सड़क हादसे में मौत
शुक्रवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट क्षेत्र में ढाबे पर कार रोककर सभी चाय पी रहे थे। पीछे से डंपर ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की रात मांट के एक ढाबे के सामने खड़ी कार में डंपर के टक्कर मार देने से कार में सवार मां, बेटी, दामाद और धेवती की मौत हो गई। ये सभी लोग आगरा के बटेश्वर में भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से आ रहे थे। हादसे की खबर से बटेश्वर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बटेश्वर में शनिवार को जयसीराम की बेटी रीना की शादी थी। शुक्रवार को शादी में शामिल होने के लिए रीना के चाचा सुरेश चंद्र (50), चाची पूनम (45) पत्नी सुरेश चंद्र कार से बटेश्वर के लिए निकले थे। उनके साथ बेटी नेहा (25) पत्नी आशू निवासी विजय विहार (रोहिणी) दिल्ली, दामाद आशू (28), धेवती नीतू (15) पुत्री मनोज निवासी करकौली, पिनाहट, धेवता आयुष (2) पुत्र आशू भी कार में सवार थे।
उनकी कार को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में पूनम, नेहा और नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आशू की उपचार के दौरान सांसें थम गईं। घायल सुरेश एसएन आगरा में भर्ती हैं। घायल आयुष को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हादसे में चार लोगों की मौत की खबर से बटेश्वर में शादी की खुशियों की जगह पर मातम पसर गया।
अनाथ हुआ दो साल का आयुष
हादसे में घायल हुए दो साल के आयुष के सिर से मां नेहा, पिता आशू का साया छिन गया है। माता-पिता की मौत से अनजान आयुष को बटेश्वर में संभालने वाले अपनी आंखों में आंसू नहीं रोक पा रहे हैं।
सूने मंडप में सुबक पडे़ ढांढस बंधाने वाले
रविवार को हादसे की खबर पर ढांढस बंधाने के लिए पहुंचने वाले लोग सूने मंडप को देखकर सुबक पडे़। सिकरवार समाज के अध्यक्ष धीरज सिंह, दिनेश कुमार एडवोकेट, राजेश कुमार, कमलेश गहलौत ने बटेश्वर स्थित घर पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाकर शासन प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज का इंतजाम करने की मांग की।