2000 Rupees Notes: बैंक ने 2000 के नोट लेने से किया मना, चस्पा किया गया ये नोटिस; देखकर परेशान हो रहे लोग
ग्राहकों से 2000 रुपये का नोट लेने में बैंकों में असमंजस रहा। बैंकों ने ये नोट लेने से मना कर दिया। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के इंतजार में बैंकों ने नोटों को 23 मई से ही बदलने के नोटिस गेट पर चस्पा किए हैं।
विस्तार
दो हजार रुपये का नोट 30 सितंबर तक जमा करने के रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देश के बाद शनिवार को पहले दिन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के करेंसी चेस्ट में 52 बंडल नोट पहुंचे। इससे पहले हर दिन एक-दो बंडल नोट ही पहुंचते थे। हर बंडल में नोटों की 10 गड्डी होती हैं। इस तरह शनिवार को 520 पैकेट करेंसी चेस्ट में पहुंची। वह भी तब, जब बैंकों में 2000 रुपये का नोट लेने के लिए असमंजस बना रहा। वहीं छीपीटोला, सदर बाजार, शास्त्रीपुरम, बोदला, कमला नगर, लोहामंडी समेत कई शाखाओं में 2000 रुपये का नोट लेने से काउंटर पर मना कर दिया गया। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के इंतजार में बैंकों ने नोटों को 23 मई से ही बदलने के नोटिस गेट पर चस्पा किए।
दोबारा व्यवस्थित किए जाएंगे एटीएम
बैंकों के पास रिजर्व बैंक से गाइडलाइन आ गई है। एटीएम को फिर से कॉन्फिगर (व्यवस्थित) किया जाएगा। बैंकों से कहा गया है कि वह बैंक होल्डिंग करेंसी चेस्ट में 2000 रुपये का नोट जारी नहीं करेंगे। जो नोट बैंक शाखाओं से करेंसी चेस्ट में आ रहे हैं, उन्हें तत्काल रिजर्व बैंक भेजा जाएगा। नोट शॉर्टिंग मशीन के जरिए 2000 रुपये का नोट छांटने के लिए बैंकों से कहा गया है ताकि नकली नोटों की गुंजाइश न रहे।
सोशल मीडिया पर छाए नोटों से जुड़े कार्टून
शनिवार को सोशल मीडिया पर 2000 रुपये के नोटों की बंदी से जुड़े कार्टून ही छाए रहे। फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर पर यह कार्टून दिन भर ट्रेंड करते रहे। सबसे ज्यादा नोट में चिप लगे होने के कमेंट वाले कार्टून चले। सोशल मीडिया पर दिन भर बहस में भी 2000 रुपये का नोट बना रहा।
खाता नहीं तो भी बदल सकते हैं नोट
कर विशेषज्ञ दीपक माहेश्वरी ने बताया कि 2000 रुपये का नोट 30 सितंबर तक चलन में रहेगा। लोग पेमेंट के तौर पर उसे प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन रिजर्व बैंक ने 30 सितंबर से पहले नोटों को जमा करने या बदलने के लिए कहा है। इसके लिए बैंक शाखा में संपर्क किया जा सकता है। दो हजार रुपये के नोट जिन शाखाओं में जमा हो जाएंगे, उन्हें करेंसी चेस्ट भेज दिया जाएगा। बैंक अब दोबारा उन नोटों को ग्राहकों के लिए जारी नहीं करेंगे। करेंसी चेस्ट में जमा होने के बाद नोट रिजर्व बैंक भेज दिए जाएंगे। बैंक में ऐसे भी लोग नोटों को 23 मई से बदल सकते हैं, जिनका खाता नहीं है। वह 20 हजार रुपये तक के नोट बदल सकते हैं।