{"_id":"3-81911","slug":"Agra-81911-3","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्राइम कैपिटल बन रही ताजनगरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
क्राइम कैपिटल बन रही ताजनगरी
Agra
Updated Fri, 20 Jun 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। कानून व्यवस्था का राज जैसे खत्म हो गया हो। कभी मुगलों की राजधानी रही ताजनगरी क्राइम कैपिटल बनती जा रही है। शायद ही ऐसा कोई दिन गुजरे, बदमाश वारदात को अंजाम न दे रहे हों। सालभर या कुछ महीनों की बात छोड़िए, पिछले 30 दिन में जिले में ताबड़तोड़ वारदात से दहशत फैल गई है। चोर-लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि जनता का दिन में राह चलना और रात में चैन से सोना मुश्किल हो गया है। हत्या और बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देकर बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
पूरे जिले में अराजकता की स्थिति बनी हुई है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग तीस दिनों में जिले में छह हत्याएं, दस जानलेवा हमले, पांच बलात्कार और लगभग 11 लूट व चोरी की बड़ी वारदातें हुईं। इनमें से कुछ को छोड़ दें तो किसी भी वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। आलम यह है कि शहर के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले छावनी क्षेत्र में भी बैंक में लूट करने के बाद बदमाश सुरक्षित शहर की सीमा से बाहर निकल जाते हैं।
विज्ञापन
इनसेट
पॉश क्षेत्र भी सुरक्षित नहीं
सदर क्षेत्र स्थित विजया बैंक में लूट हो या मदिया कटरा स्थित शुभम अपार्टमेंट में व्यापारी के फ्लैट में हुई लाखों की चोरी, बदमाशों ने बेहद सुरक्षित माने जाने वाले इन स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर शहर में पुलिसिंग की पोल खोल कर रख दी। इतना ही नहीं ब्रज विहार, दयालबाग निवासी महिला वैज्ञानिक के यहां दिनदहाड़े डाका डालकर बदमाशों ने खुली चुनौती दी।
विज्ञापन
इनसेट
नई उम्र के युवक दे रहे चुनौती
अभी तक जितनी वारदातों का खुलासा हुआ है, उसमें अधिकांश नई उम्र के युवकों के चेहरे सामने आए हैं। बढ़ती चाहतों और शार्टकट से पैसा कमाने की चाहत में युवा सनसनीखेज वारदात कर रहे हैं। इसमें 20 से 30 साल की उम्र के युवा ज्यादा हैं।
सिर्फ हेलमेट की चेकिंग
ऐसा नहीं है कि जिले में पुलिस दिखाई नहीं देती। शहर की शायद ही ऐसी कोई सड़क होगी, जिस पर बैरियर लगाकर सुबह से शाम तक चेकिंग न होती हो, लेकिन यह चेकिंग सिर्फ हेलमेट पहनने या न पहनने तक ही सिमट कर रह गई है। यदि कोई व्यक्ति हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन से बैरियर क्रॉस करता है तो उसे बैरियर पर नहीं रोका जाता। हेलमेट पहनने वाला व्यक्ति चाहे जो हो।
इनसेट
30 दिन दहशत के
21 मई : चित्राहाट, बाह में प्रधानी रंजिश में तीन पर हमला, महिला की मौत।
30 मई : सिकरौदा, सीकरी में हिस्ट्रीशीटर ने की युवक की हत्या।
01 जून : सिकंदरा में गलीचा फैक्ट्री कर्मचारी की हत्या।
09 जून : गांव लौहकरेरा, सिकंदरा में युवक की गला रेत कर हत्या।
16 जून : यमुनापार में पानी के लिए अधेड़ की हत्या।
17 जून : विजय नगर के कारोबारी की हत्या।
जानलेवा हमले
19 मई : राहुल नगर, जगदीशपुरा में व्यापारी पर हमला।
19 मई : फतेहपुर सीकरी में दवा व्यापारी पर फायरिंग।
19 मई : मलपुरा क्षेत्र में पंचायत के दौरान गोलीबारी।
20 मई : तकिया वजीर खां, कोतवाली में बर्फ विक्रेता पर बरसाईं गोलियां।
25 मई : रुनकता में छेड़छाड़ के विरोध में किशोर को गोली मारी।
25 मई : रुनकता में काले तेल के गोदाम पर छापा डालने गई टीम पर हमला।
01 जून : चित्राहाटा, बाह में छेड़छाड़ के विरोध में तीन छात्राओं को पीटा।
09 जून : डौकी में थाने से चंद कदमों की दूरी पर दो लोगों पर बरसाईं गोलियां।
14 जून : पुनिया पाड़ा, लोहामंडी में रंगदारी में अधेड़ को मारी गोली।
14 जून : कचौरा मोड़, अछनेरा में राजस्व टीम पर हमला।
लूट और चोरी
22 मई : विजया बैंक, सदर में 28 लाख की डकैती।
23 मई: सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे स्थित एटीएम उखाड़ा।
25 मई : केके नगर, सिकंदरा में छात्रा से चेन लूटी।
29 मई: न्यू आगरा निवासी रिटायर्ड महिला वैज्ञानिक के घर डाका।
29 मई : कमला नगर में 1.70 लाख की लूट।
30 मई : फतेहाबाद में चिलर प्लांट मालिक के घर से 18 लाख की चोरी।
01 जून : शुभम अपार्टमेंट, मदिया कटरा में फ्लैट के ताले तोड़कर 15 लाख की चोरी।
06 जून : नगला पीरंगा, मलपुरा में पूर्व मंत्री के गनर के घर डाका।
08 जून : कागारौल में व्यापारी से दिनदहाड़े लूट।
16 जून : फतेहाबाद रोड पर व्यापारी से लग्जरी गाड़ी लूटी।
17 जून : ब्रज विहार, दयालबाग में दिनदहाड़े डकैती।
बलात्कार के प्रमुख मामले
19 मई : सैंया में छह वर्षीय मासूम से दुराचार।
10 जून : अछनेरा के एक गांव में मासूम से बलात्कार।
10 जून : वैश्य बोर्डिंग हाउस, सेंट जोंस चौराहा में विधवा से दुष्कर्म।
15 जून : सदर क्षेत्र में बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप।
पिछले दिनों जो भी वारदातें हुईं हैं, उन सभी के खुलासे के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। अपराधियों पर हर हालत में लगाम लगाई जाएगी। महकमे के सिपाही से लेकर थानेदार तक अगर अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- शलभ माथुर, एसएसपी