पर्यटन सीजन के लिए हेरिटेज ट्रैक पर तीन स्पेशल ट्रेनें शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यटन सीजन में सैलानियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों का परिचालन शुरू किया। दो होलीडे स्पेशल और एक जॉय राइड ट्रेन में रोमांच का सफर पर्यटक कर सकेंगे।
होलीडे स्पेशल ट्रेनें कालका-शिमला रूट पर चलेंगी, जबकि जॉय राइड को शोघी से शिमला तक दौड़ाया जाएगा। यह सेवा पर्यटन सीजन के दौरान अगले दो महीनों तक रहेगी। गौर हो कि समर सीजन में रेलवे बोर्ड हर साल इन गाड़ियों को पर्यटकों के लिए चलाता है।
इन दिनों कालका-शिमला ट्रैक पर सफर करने वालों का तांता लगा हुआ है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुरू की गईं इन ट्रेनों का परिचालन 15 जुलाई तक जारी रहेगा।
जॉय राइड ट्रेन में करें यादगार सफर
हिल्स क्वीन शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए हेरिटेज ट्रेन का सफर रोमांचक और यादगार रहता है। सामान्य तौर पर हेरिटेज ट्रैक पर कुल बारह ट्रेनों का परिचालन होता है, दो विशेष ट्रेनों को मिलाकर अब इनकी संख्या 14 हो गई है।
कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर रेलवे बोर्ड की ओर से शुरू की गई जॉय राइड ट्रेन में पर्यटक यादगार सफर कर सकेंगे। यह ट्रेन विंटर सीजन की तर्ज पर ही समर सीजन में चलेगी।
जॉय ट्रेन संख्या 52448 शिमला से प्रतिदिन दोपहर 12:45 बजे शोघी के लिए चलेगी और 1:50 पर शोघी पहुंचेगी। वहां करीब आधा घंटे रुकने के बाद यह सेवा शिमला वापसी के लिए गाड़ी नंबर 52447 से मिलेगी, जो शोघी से 2:20 चलेगी और 3:30 बजे शिमला पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेनों की यह रहेगी टाइमिंग
होलीडे स्पेशल ट्रेन नंबर 52445 सुबह कालका से 7 बजे शिमला के लिए रवाना होगी। यह गाड़ी शिमला दोपहर 12:45 पहुंचेगी। दूसरी गाड़ी नंबर 52443 दोपहर 12:45 कालका से शिमला के लिए चलेगी और शाम 6:25 पर शिमला स्टेशन पर पहुंचेगी।
इसी तरह शिमला से कालका जाने वाली पहली स्पेशल गाड़ी नंबर 52444 सुबह 9:25 पर चलेगी और दोपहर बाद 3:20 पर कालका पहुंचेगी। दूसरी गाड़ी 52446 शिमला से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और रात 9:15 पर यात्रियों को कालका स्टेशन पहुंचाएगी।
रेलवे बोर्ड सोलन के स्टेशन अधीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि पर्यटकों की संख्या को देखते हुए बोर्ड ने हेरिटेज मार्ग पर शुक्रवार से दो होलीडे ट्रेनों को चलाया है। जो कालका-शिमला और शिमला-कालका के बीच चलेंगी। इसके अलावा शिमला से शोघी के बीच एक जॉय राइड ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया है।