सवाल का जवाब न दे पाने पर शिक्षिका ने तीसरी की छात्रा को दी बेरहम सजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सवाल का जवाब न दे पाने पर जेबीटी अध्यापिका ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के सिर के बाल ही उखाड़ दिए। इस घटना के बाद छात्रा दहशत में है और वह स्कूल जाने से भी घबरा रही है। यह मामला गत दो दिन पहले सुंदरनगर की अपर बैहली पंचायत के एक स्कूल का है।
छात्रा की मां ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ सुंदरनगर के बीएसएल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा की मां ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि उसकी पुत्री तीसरी कक्षा में पढ़ती है।
शुक्रवार को स्कूल में तैनात एक जेबीटी शिक्षिका ने उसकी पुत्री से गणित का एक सवाल पूछा, जिसका वह जवाब नहीं दे पाई। इससे गुस्साई शिक्षिका ने उसकी बेटी के सिर के बाल जोर से पकड़े और उसे घुमाने लगी।
सिर के बाल जोर से पकड़े और घुमा दिया
इसी दौरान जब उसने उसे चांटा मारने का प्रयास किया तो सिर के पिछले हिस्से के बाल उखड़ गए। जब दर्द से उनकी बेटी कराहने लगी तो अध्यापिका ने उसे चुप करवाकर इसके बारे में किसी से कोई बात न कहने को कहा। स्कूल से घर लौटने पर उनकी बेटी ने घटना का कोई जिक्र नहीं किया।
शनिवार सुबह जब वह स्कूल भेजने से पहले बेटी के बाल संवारने लगी तो सिर के पिछले हिस्से में बाल ही नहीं थे। जब बेटी से इसके बारे में पूछा तो उसने अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी।
प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित छात्रा का सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। - प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी बीएसएल, सुंदरनगर