चीन सीमा तक अब जल्द पहुंच सकेगी सेना, 150 करोड़ रुपये खर्च कर रही केंद्र सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में चीन से लगते सीमा क्षेत्र तक बहुत जल्द और आसानी से भारतीय सेना पहुंच सकेगी। यह इसलिए मुमकिन होने वाला है, क्योंकि सामरिक दृष्टि से अतिमहत्वपूर्ण नेशनल हाईवे-5 हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग को डबललेन करने का काम शुरू हो गया है।
इस कार्य के लिए केंद्र सरकार 150 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। झाकड़ी से रिकांगपिओ तक 100 किलोमीटर लंबे हाईवे के डबललेन का काम साल 2019 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे आम लोगों को भी सुविधा होगी।
झाकड़ी से रिकांगपिओ पहुंचने में अभी पांच से छह घंटे का समय लगता है। हाईवे के डबललेन बन जाने के बाद महज दो से ढाई घंटे में रिकांगपिओ पहुंचा जा सकेगा।
रिकांगपिओ से कौरिक सीमा करीब 300 किलोमीटर दूर है। सप्ताह भर पहले ही सीएम जयराम ठाकुर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से चीन से सटी सड़कों की खस्ताहालत पर चिंता जता चुके हैं।
दिनों का सफर घंटों में, सैलानी भी बढ़ेंगे
रक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को खस्ताहालत सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए हैं। लिहाजा, बीआरओ भी सीमा से सटीं सड़कों को सुधारने में जुटा है।
डबललेन बनने से ज्यूरी, झाकड़ी, किन्नौर और स्पीति के लोगों को आने-जाने में बहुत सुविधा होगी। एनएच डबललेन होने से दिनों का सफर घंटों में पूरा हो सकेगा।
उधर, नेशनल हाईवे के दुरुस्त होने से सराहन, किन्नौर और स्पीति आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। इन क्षेत्रों में देश-विदेश से हर साल हजारों पर्यटक घूमने आते हैं।
सोलिंग और टारिंग का चल रहा काम
इन दिनों झाकड़ी से ज्यूरी, ज्यूरी से सोल्डिंग, सोल्डिंग से वांगतू और वांगतू से रिकांगपिओ तक सड़क को चौड़ा और पक्का करने का काम तेजी से चल रहा है। एनएच मंडल रामपुर के तहत पहाड़ियों को काटकर सड़क को चौड़ा करने, सोलिंग और टारिंग का काम चल रहा है।
नेशनल हाईवे को डबललेन करने के लिए अलग-अलग पैकेज में टेंडर हुए हैं। सभी जगह कार्य तेजी से चल रहा है। काम पूरा होने के बाद एनएच चौड़ा और पक्का होगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी तो पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। आनी सैंज के पास एनएच को चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। - पीसी नेगी, एक्सईएन, नेशनल हाईवे डिवीजन रामपुर