HP Big News: सड़क हादसे में दादी-पोते की माैत, एक सप्ताह तक बरसेंगे बादल, शारदीय नवरात्र के लिए सजे शक्तिपीठ
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को कई घटनाक्रम सामने आए। पीरनिगाह के समीप सड़क हादसे में दो की माैत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। वहीं प्रदेश अभी बारिश का दाैर जारी रहेगा। शारदीय नवरात्र को लेकर प्रदेश के शक्तिपीठ सज गए हैं। पढ़ें, प्रदेश की दिनभर की प्रमुख खबरों को।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा में दादी व पोते की माैत हो गई जबकि परिवार के छह लोग घायल हो गए। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई भागों में एक सप्ताह तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। उधर, चंबा में भालू का एक शावक पानी के टैंक में गिर गया। वहीं टैंक में भालू को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। दूसरी तरफ 11 अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इसे देखते हुए प्रदेश के शक्तिपीठों सहित देवी के अन्य मंदिर सज गए हैं। वहीं सीएम सुक्खू शनिवार को दिल्ली से शिमला लाैटे। आइए जानते हैं प्रदेश की दिनभर की प्रमुख खबरों को विस्तार से।
पीरनिगाह में बाइक रेहड़ी पलटी; दादी और पोते की माैत, परिवार के छह सदस्य घायल
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी पलटने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बच्चे और उसकी दादी की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान अखिल(3) और उसकी दादी जिलो कुमारी(65) पत्नी लाभिया निवासी भलथ, जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला और बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घायलों में एक महिला के सिर में फ्रेक्चर होने के चलते उसे पीजीआई रेफर किया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
प्रदेश के कई भागों में एक सप्ताह बरसेंगे बादल
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में एक सप्ताह तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। दो दिन कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 13 और 14 अक्तूबर को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
पानी के टैंक में गिरा भालू का शावक, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू किया, देखें वीडियो
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल की किहार क्षेत्र के घुडेई गांव में शुक्रवार सुबह भालू का एक शावक पानी के टैंक में गिर गया। वहीं टैंक में भालू को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के बीओ लेखराज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर शावक को टैंक से सुरक्षित बाहर निकाला। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
12 अक्तूबर को दिल्ली में होगा कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रदर्शन: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार को दिल्ली से शिमला लाैटे। इस दाैरान उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि 12 अक्तूबर को दिल्ली में कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रदर्शन होगा। इस प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सहित हिमाचल से कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता शामिल होंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
शारदीय नवरात्र के लिए सजे हिमाचल के मंदिर हर दिन लगेगा भंडारा, जानें घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि रविवार 11 अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इसे देखते हुए प्रदेश के शक्तिपीठों सहित देवी के अन्य मंदिर सज गए हैं। राजधानी शिमला के देवी मंदिरों में नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होगी। शहर के तारा देवी, कालीबाड़ी, बीसीएस और ढिंगू धार देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट सुबह 6:00 बजे से खुल जाएंगे। मां दुर्गा के आगमन पर देवी मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
ज्वालाजी में झंडा रस्म के साथ शुरू होंगे शारदीय नवरात्र
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में रविवार से शारदीय अश्विन नवरात्र का शुभारंभ होगा। नवरात्र का आगाज विधिवत पूजा-अर्चना और पारंपरिक झंडा रस्म के साथ किया जाएगा। मंदिर न्यास धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता के दरबार में नवरात्र की शुरुआत करेंगे। नवरात्र 20 अक्तूबर तक चलेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर प्रशासन व जिला पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन से मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही के अनुसार रात को कपाट बंद किए जाएंगे। वहीं, छठी, सप्तमी और अष्टमी को मंदिर 24 घंटे दर्शन के लिए खुला रहेगा। नवरात्र के मद्देनजर मंदिर परिसर को 51 क्विंटल देशी-विदेशी और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
एनजीटी ने मांगी कोकसर-मनाली में भार सहने की क्षमता तय करने के कदमों की जानकारी
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने केलांग की विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की ओर से दायर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन रिपोर्ट पर जवाब मांगा है। एनजीटी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को निर्देश दिया है कि 8 अक्तूबर 2024 के बाद कोकसर, मनाली, सोलंग वैली और आसपास के पहाड़ी इलाकों की कैरिंग कैपेसिटी (वहां लोगों और गतिविधियों का भार सहने की क्षमता) तय करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दे। कोर्ट पर्यावरण संगठन फ्रेंड्स की याचिका पर सुनवाई कर रहा था। यह निर्देश 7 अक्तूबर को हुई सुनवाई के दौरान दिए गए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
जच्चा-बच्चा की मौत पर फिर भड़के परिजन, लालबत्ती चौक किया जाम
हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में परिजनों का गुस्सा शनिवार को दोबारा फूट पड़ा। टांडा मेडिकल कॉलेज से महिला का शव ऊना के लालबत्ती चौक पहुंचते ही परिजनों ने बीच सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे ऊना-हमीरपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजन संबंधित महिला चिकित्सक को निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों को शांत करने के प्रयास जारी रहे। प्रदर्शन के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर