सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आज, जैमर होंगे तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के 40 परीक्षा केंद्रों पर बने 736 परीक्षा हॉल में करीब चालीस हजार अभ्यर्थी सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा देंगे। पुलिस मुख्यालय व जिला भर्ती कमेटियों ने लिखित परीक्षा को फूलप्रूफ बनाने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षा हॉल में जैमर के अलावा परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट से अपनी सीट तक आने के दौरान परीक्षार्थी की दो बार सघन तलाशी होगी। जबकि एडमिट कार्ड लेने के दौरान उसका सत्यापन भी किया जाएगा।
12 से एक बजे के बीच होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को 3 घंटे पहले रिपोर्ट करना होगा। केंद्र के बाहर ही सीटिंग प्लान लगा होगा जिससे परीक्षार्थी को उसके हॉल व सीट की जानकारी मिलेगी। 11 अगस्त को हुई परीक्षा में नकल की बात सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने परीक्षा को ही निरस्त कर दिया था। जिसके बाद इस बार पिछली परीक्षा से सीख लेते हुए पुलिस महकमे ने कई बदलाव किए हैं।
पासपोर्ट साइज फोटो और आईडी प्रूफ जरूरी
परीक्षा के लिए रिपोर्ट करने के दौरान हर परीक्षार्थी को अपनी एक हाल की पासपोर्ट साइज कलर फोटो साथ लानी होगी। साथ ही आईडी प्रूफ के तौर पर आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस में किसी एक की ओरिजिनल व एक फोटोकॉपी लानी होगी। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा हॉल में परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा के दौरान अगर परीक्षार्थी अपनी उत्तर शीट में रोल नंबर को सही तरीके से सर्किल नहीं करता है तो उसकी शीट को चेक ही नहीं किया जाएगा। कार्ड बोर्ड के अलावा नीला या काला बॉल पेन ही लाने दिया जाएगा। इसके अलावा किसी अन्य तरह का उपकरण या कागज ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
तकनीक को जाम करेंगे जैमर
सभी 736 परीक्षा हाल में पहली बार जैमरों का उपयोग किया जाएगा। केंद्र की एक कंपनी की मदद से सभी परीक्षा हाल में जो जैमर लगाए जाएंगे, उन्हें संबंधित जिलों के एसपी खुद चेक करेंगे। परीक्षा केंद्र के चारों ओर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं ताकि केंद्र के आसपास संदिग्धों की हलचल पर कार्रवाई की जा सके।
हर परीक्षा केंद्र पर जिला भर्ती कमेटी का एक अधिकारी तैनात किया जाएगा। खास बात यह है कि परीक्षा के दौरान स्टाफ सेलेक्शन कमीशन और एचपी पब्लिक सर्विस कमीशन के मानकों को ध्यान में रखकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।