हिमाचल सरकार ने शर्त में दी एकमुश्त छूट: अनुबंध पूरा होते ही नियमित होंगे अक्तूबर 2024 में लगे जेओए-आईटी
प्रदेश में पोस्ट कोड 817 के तहत अक्तूबर 2024 में नियुक्त जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए-आईटी) कर्मचारी दो साल का अनुबंध सेवाकाल पूरा करते ही नियमित हो सकेंगे।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हिमाचल प्रदेश में पोस्ट कोड 817 के तहत अक्तूबर 2024 में नियुक्त जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए-आईटी) कर्मचारी दो साल का अनुबंध सेवाकाल पूरा करते ही नियमित हो सकेंगे। सरकार ने इन कर्मचारियों के नियमितीकरण की राह में आ रही कटऑफ डेट की बाधा दूर करते हुए निर्धारित शर्त में एकमुश्त छूट देने का फैसला लिया है। कार्मिक विभाग ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इस फैसले से उन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें विभिन्न विभागों में औपचारिकताएं पूरी होने में देरी के कारण नियुक्ति पत्र अक्तूबर 2024 में मिले थे।
दो साल का अनुबंध सेवाकाल पूरा करने की शर्त में ढील
सरकार ने इसे विशेष मामला मानते हुए 30 सितंबर 2026 तक दो साल का अनुबंध सेवाकाल पूरा करने की शर्त में ढील दी है। आदेशों के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों को अक्तूबर 2026 या जिस आगामी तारीख को वे दो साल की निरंतर अनुबंध सेवा पूरी करेंगे, उस तारीख से नियमित किया जाएगा। दोनों में से जो तारीख बाद में होगी, वही लागू होगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इसे भविष्य में किसी अन्य मामले में उदाहरण या मिसाल नहीं माना जाएगा।
ये है पूरा मामला
एक अप्रैल 2026 की नियमितीकरण नीति के तहत उन अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला हुआ था, जिन्होंने 31 मार्च या 30 सितंबर 2026 तक दो साल की सेवा पूरी कर ली हो। पोस्ट कोड 817 में विभागीय देरी के कारण कुछ अभ्यर्थियों को सितंबर 2024 या इससे पहले, जबकि कुछ को अक्तूबर 2024 में नियुक्ति मिली। सितंबर में नियुक्त कर्मचारी तो नियमितीकरण के पात्र हो गए, लेकिन अक्तूबर 2024 में नियुक्त कर्मचारी 30 सितंबर 2026 तक दो साल पूरे नहीं कर पा रहे थे। इससे एक ही भर्ती के कर्मचारियों के बीच असमानता पैदा हो गई थी।
