पुलिस भर्ती परीक्षा: एंट्री से पहले दो स्थानों पर होगी अभ्यर्थियों की चेकिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में फर्जीवाड़े के बाद विभाग अब हर कदम संभाल कर आगे बढ़ा रहा है। परीक्षा हाल तक पहुंचने वाले अभ्यर्थी की दो विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली जाएगी। पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही अभ्यर्थी को उसका एडमिट कार्ड सौंपा जाएगा। परीक्षा केंद्रों में हाईटेक नकल को रोकने के लिए पहली बार जैमर लगेंगे।
एक परीक्षा केंद्र में कितने जैमर लगेंगे, इसका निर्धारण परीक्षा हालों और जैमरों की रेंज के आधार पर होगा। इन जैमरों को एक निजी कंपनी स्थापित करेगी। आठ सितंबर को प्रदेश भर में पुलिस कांस्टेबलों के रिक्त पदों को भरने के लिए फिटनेस टेस्ट में पास हुए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा होगी।
इस बार भर्ती परीक्षा के दौरान कोई फर्जीवाडा़ न हो, इसके लिए पुलिस विभाग पूरी तरह से तैयार है। पुलिस विभाग ने लिखित परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभ्यर्थियों के लिए एडवायजरी भी जारी की है। लिखित परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कांगड़ा में 13, शिमला में नौ केंद्र
कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 13 परीक्षा केंद्र हैं। इसके अलावा शिमला में 9, मंडी जिला में पांच, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और चंबा में दो-दो, जबकि ऊना, सिरमौर, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिला में एक-एक परीक्षा केंद्र पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए बनाया गया है।
कांगड़ा में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लिखित परीक्षा के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह से तैयार है। अभ्यर्थियों को पूरी जांच पड़ताल के बाद मौके पर ही एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। - विमुक्त रंजन, एसपी कांगड़ा
जैमरों की रेंज को खुद चेक करेंगे जिले के एसपी
8 सितंबर को प्रदेश के 736 परीक्षा हाल में होने वाली परीक्षा की तैयारियों में जुटी हिमाचल पुलिस परीक्षा पहली बार जैमरों का उपयोग करने जा रही है। केंद्र की एक कंपनी की मदद से सभी परीक्षा हाल में जो जैमर लगाए जाएंगे, उन्हें संबंधित जिलों के एसपी खुद चेक करेंगे। पुलिस मुख्यालय की ओर से इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट और परीक्षा हाल पर दो बार परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाए और उसके बाद ही हॉल में प्रवेश दिया जाए। साथ ही परीक्षा केंद्र के चारों ओर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं ताकि केंद्र के आसपास संदिग्धों की हलचल पर कार्रवाई की जा सके। हर परीक्षा केंद्र पर जिला भर्ती कमेटी का एक अधिकारी तैनात किया जाएगा।
खास बात यह है कि परीक्षा हॉल में ड्यूटी के लिए शिक्षा विभाग व निजी शिक्षण संस्थानों के कर्मियों के अलावा सिर्फ उन पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा जो यह लिखकर देंगे कि उनका कोई रिश्तेदार परीक्षा नहीं दे रहा है। परीक्षा के दौरान स्टाफ सेलेक्शन कमीशन और एचपी पब्लिक सर्विस कमीशन के मानकों को ध्यान में रखकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।