ईवीएम से नहीं, बैलेट पेपर से कराएं सभी चुनाव: पाटिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से नहीं, बैलेट पेपर से ही सभी चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बैलेट पेपर से चुनाव कराए गए हैं, वहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आशंका जताई कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह से भाजपा ने प्रचंड बहुमत से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है, उससे ईवीएम सवालों के घेरे में हैं।
राजीव भवन में सोमवार को बैठक में हिस्सा लेने से पहले पाटिल पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उनसे जब पूछा गया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के पीछे क्या कारण रहे? इस पर उन्होंने कहा कि यही कारण जानने के लिए उन्होंने पार्टी के चारों प्रत्याशियों को शिमला में रिपोर्ट जमा करने को बुलाया है। इनसे पूछा जा रहा है कि चुनाव में हार किन कारणों से हुई और भविष्य में क्या कदम उठाए जाने चाहिए।
इसी तरह से कांग्रेस के सभी विधायकों को भी शिमला बुलाया गया है। इनसे भी पूछा जाएगा कि एक साल बाद ऐसा क्या हो गया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ गया। पाटिल ने कहा कि हार के कारणों को जानने के लिए ही राजीव भवन में मंथन किया जा रहा है ताकि भविष्य में इन कारणों को ध्यान में रखकर आगामी चुनाव लड़े जा सकें।
रजनी पाटिल की दो घंटे फ्लाइट लेट, शिमला के जाम ने छुड़ाए पसीने
पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के शिमला दौरे से हिमाचल कांग्रेस के नेताओं के पसीने छूट रहे थे कि उनसे पूछा जाएगा कि लोकसभा चुनाव में हार किन करणों से हुई? कई नेता प्रभारी का सोमवार को राजीव भवन शिमला में बेसब्री से इंतजार कर थे।
प्रभारी रजनी दिल्ली से चंडीगढ़ दो घंटे देरी से पहुंच पाई। फ्लाइट में देरी के बाद प्रभारी रजनी पाटिल चंडीगढ़ से शिमला के लिए कार से रवाना हुईं। हिमाचल की सीमा में आते ही उनका सामना ट्रैफिक जाम से हुआ।
साढ़े 12 बजे पहले चरण की बैठक लोकसभा चुनाव के चारों कांग्रेस प्रत्याशियों से होनी थी। इसके बाद 4:30 बजे विधायकों की बैठक होनी थी। जैसे-तैसे पाटिल ने शिमला की सीमा में प्रवेश किया तो इसके बाद 103 टनल से लेकर राजीव भवन तक आने में पसीने छूट गए।
राजीव भवन में कांग्रेस नेता इंतजार करते रहे कि प्रभारी कब आएंगे। जैसे ही 5:15 बजे प्रभारी ने राजीव भवन की पार्किंग में प्रवेश किया और कांग्रेसी नेताओं ने गुलदस्ते सौंपे। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में प्रभारी रजनी पाटिल और अन्य स्टार प्रचारक हेलीकाप्टर से ही शिमला और अन्य क्षेत्रों में पहुंचती रही हैं।