कनाडाई रैप आर्टिस्ट ड्रेक के नए गाने के बोल कीकी, डू यू लव मी ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के निर्देश पर वाराणसी सहित जोन के सभी दस जिलों की पुलिस को कीकी चैलेंज में शामिल होने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही गई है। इसके लिए यूपी पुलिस ट्विटर सहित सोशल मीडिया के अन्य सभी माध्यमों का सहारा लेकर आमजन से अपील कर रही है कि अपने बच्चों को कीकी चैलेंज में ना शामिल होने के लिए समझाएं और संभावित खतरे के बारे में बताएं। आगे की स्लाइड्स में देखें..
कीकी चैलेंज के तहत कीकी, डू यू लव मी से शुरू होने वाले इस गाने के बोल पर चलती कार की अगली सीट से नीचे उतर कर डांस करना होता है और फिर वापस चलती कार में बैठ जाना होता है। इस दौरान ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स को डांस करने वाले का वीडियो बनाना रहता है।
ऐसे में कीकी चैलेंज में शामिल होने के साथ ही अगल-बगल और पीछे से गुजरने वालों को भी सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने प्रदेश की पुलिस को निर्देश दिया है कि कीकी चैलेंज में कोई शामिल होता दिखे या सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करे तो उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि सोशल मीडिया के सहारे कीकी चैलेंज में शामिल न होने के लिए लोगों को आगाह किया जा रहा है। थानेदारों को आगाह किया गया है कि जो कोई इस चैलेंज में शामिल होता दिखे उसके खिलाफ कार्रवाई में देर न की जाए।