यूपी: तंबाकू-चूना मिलने पर एयरपोर्ट से लिया हिरासत में, सौरभ ने बिना ओढ़ने के काटी रातें; जुर्माना भरकर लौटे
बहरीन एयरपोर्ट पर चुनौटी, तंबाकू और चूना मिलने पर हिरासत में लिए गए आजमगढ़ के सौरभ राय 20 दिन बाद घर लौटे। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 दिनों तक 16 डिग्री तापमान वाले एसी कमरे में बिना पर्याप्त ओढ़ने के रखा गया। जुर्माना भरकर लौटे सौरभ का पुलिस ने बयान दर्ज किया।
विस्तार
बहरीन के एयरपोर्ट पर चुनौटी, तंबाकू और चूना मिलना आजमगढ़ के सौरभ राय के लिए ऐसी मुसीबत बन गया कि उन्हें 18 दिनों तक कथित यातना झेलनी पड़ी। 16 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले एसी कमरे में बिना पर्याप्त ओढ़ने के रखा गया। ठंड से बचने के लिए उनके पास महज एक हल्की चादर थी। 20 दिन बाद जुर्माना भरकर घर लौटे सौरभ ने शनिवार को अपनी आपबीती सुनाई तो परिजनों के सामने विदेश में बिताए उन मुश्किल दिनों की तस्वीर सामने आ गई।
सौरभ ने बताया कि 29 अक्तूबर को बहरीन एयरपोर्ट पर उतरते ही जांच के दौरान उनके पास चुनौटी, तंबाकू और चूना मिला। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनका मोबाइल फोन और थैला भी जब्त कर लिया गया। बाद में उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग को सौंप दिया गया। वहां उनसे कथित तौर पर तस्करी के सामान को लेकर पूछताछ की गई।
जुर्माना भरने के बाद वह बहरीन से घर लौटे
सौरभ के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्हें एक कमरे में रखा जाता था, जहां 16 डिग्री तापमान पर एसी चलता रहता था। 24 घंटे इसी माहौल में रहने के लिए मजबूर किया जाता था। ठंड से बचने के लिए सिर्फ एक हल्की चादर दी गई थी। बिना पर्याप्त गर्म कपड़ों और ओढ़ने के इतने कम तापमान में दिन-रात गुजारना उनके लिए बेहद मुश्किल था। 18 दिनों तक उन्हें इसी तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
जुर्माना भरने के बाद वह बहरीन से अपने घर लौट सके। उनकी वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली। उधर, मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने भी उनके घर पहुंचकर बयान दर्ज किया।
सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि बहरीन में लापता हुए युवक की सकुशल वापसी की जानकारी मिली है। संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली गई है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है।
