सफलता के नए आयाम: मेरठ के खिलाड़ी देश-विदेश में गाड़ रहे सफलता के झंडे, प्रतिभा के दम पर बदला सरकार का रुख
पैदल चाल में प्रियंका के नाम नेशनल रिकॉर्ड
माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी 26 वर्षीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी 10 व 20 किमी. पैदल चाल की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में 20 से ज्यादा पदक अपने नाम कर चुकी हैं। नेशनल रिकॉर्ड के साथ टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग के बाद वो एशियन गेम्स के लिए बंगलुरू साई सेंटर में पसीना बहा रही हैं।
यह भी पढ़ें: हुनर का कमाल: सभी की अलग पहचान, आप भी करेंगे सलाम, सोशल मीडिया के ऐसे 11 हीरो, जो बदल देंगे आपकी जिंदगी
कलीना निवासी 19 वर्षीय शूटर सौरभ चौधरी 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के गोल्डन ब्वॉय कहे जाते हैं। यूथ ओलंपिक, आईएसएसएफ वर्ल्डकप, वर्ल्ड चैंपियनशिप सहित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में 21 पदक जीत चुके हैं। इनमें 14 स्वर्ण, 5 रजत व 2 कांस्य हैं। सौरभ टोक्यो ओलंपिक में पदक के मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।
सरधना के बहादरपुर गांव निवासी अन्नू रानी एशियन गेम्स में पदक के साथ 2014 कॉमनवेल्थ में प्रतिभाग कर चुकी हैं। वर्ल्ड चैम्पियनशिप में जाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। ओलंपिक तक का सफर तय किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला खिलाड़ियों का कद 6 फीट से भी ऊपर है, लेकिन अन्नू रानी ने 5 फीट के सामान्य कद से उम्मीदों को सातवें आसमान की उड़ान दी।
रोहटा रोड निवासी 18 वर्षीय रूपल एथलेटिक्स में नई उम्मीद की किरण हैं। वह सात राष्ट्रीय स्तर के पदक अपने नाम कर चुकीं हैं। जून में होने वाले एशियन गेम्स ट्रायल्स की तैयारी में जुटी हैं। 22 अप्रैल को उन्होंने लखनऊ में 400 मी. दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता।