यूपी के बागपत में दोघट थानाक्षेत्र में दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी न करने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की पीटकर हत्या कर दी। जानकारी लगने पर परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला के पिता ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पति ने जिसके साथ जीने-मरने की खाई कसमें, दहेज के लिए उसी पत्नी को दीं यात्नाएं, बेरहमी से की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर जिले के मुकंदपुर गांव निवासी श्यामवीर ने 22 वर्षीय बेटी पूजा की शादी 11 मर्ई 2018 को दाहा निवासी सौरभ पुत्र प्रमोद राणा के साथ की थी। ससुराल वाले शादी के कुछ माह बाद ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। अब दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। पूजा ने दहेज लाने से इंकार कर दिया।
शनिवार देर रात ससुराल वालों ने पूजा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। रविवार सुबह पड़ोसियों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन ससुराल पहुंचे। महिला की शव अंदर कमरे में पड़ा हुआ था। उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना पर एसओ रमेश सिंह सिधू फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतका पूजा के पिता श्यामवीर ने पति सौरभ, ससुर प्रमोद राणा, सास कुसुम, देवर अंकित, ननद सृष्टि, प्रियंका उर्फ बुलबुल निवासी दाहा, ननदोई विक्रांत निवासी ककौर थाना छपरौली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। एसओ रमेश सिंह सिधू ने बताया कि आरोपी पति सौरभ को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। दहेज के लिए महिला की हत्या की गई है।
एक लाख रुपये देकर भेजा था पूजा को
मृतका के पिता श्यामवीर ने बताया कि बेटी पूजा की शादी में हैसियत के हिसाब से दान दहेज दिया था। शादी के दो माह बाद ही पूजा से पांच लाख व अल्टो कार मांगी गई। दहेज नहीं देने पर उसे घर से निकाल दिया।
परिजनों ने ससुरालियों को एक लाख रुपये देकर पूजा को समझौता कराकर भेज दिया। लेकिन फिर भी दहेज की मांग करते रहे। समाज के लोगों ने कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने। रक्षाबंधन को पूजा की अपने भाई से बात हुई थी। ससुरालियों ने शनिवार की रात घटना को अंजाम दे दिया।
ग्रामीणों ने भी सुनी चिल्लाने की आवाज
दाहा गांव में शनिवार की रात ससुराल वाले जिस समय पूजा की पिटाई कर रहे थे तो ग्रामीणों ने उसके चिल्लाने की आवाज भी सुनी, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। ग्रामीणों के मुताबिक एक घंटे तक पूजा की पिटाई की गई। उसके रोने की आवाज भी आती रही।
पूरा शरीर पड़ा था नीला
दाहा गांव में विवाहिता पूजा की हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई। पिटाई से उसका पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ था। शरीर पर हर जगह पिटाई के निशान थे। जो भी शव देखता, उसकी ही रूह कांप जाती।