बम ब्लास्ट की धमकी पर दिलजीत दोसांझ ने चुप्पी तोड़ी: मुंबई कॉन्सर्ट में क्या बोले? देखें वायरल वीडियो
- एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ ने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में अपने कॉन्सर्ट में आने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया।
- इस कॉन्सर्ट में उन्होंने बम धमाकों की धमकी पर भी चुप्पी तोड़ी और कहा कि मेरी तरफ से आपको प्यार है।
- उन्होंने राहत इंदौरी का एक मशहूर शेर सुनाया, जिसने समा बांध दिया।
विस्तार
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर चर्चा में हैं। इसके तहत 27 नवंबर को मुंबई में उनका कॉन्सर्ट आयोजित हुआ। मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित इस म्यूजिक इवेंट में अपार भीड़ उमड़ी। सिंगर ने भी सभी का शुक्रिया अदा किया। साथ ही बम ब्लास्ट की कथित धमकियों पर भी चुप्पी तोड़ी।
राहत इंदौरी का शेर सुनाकर समा बांधा
दिलजीत ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। मंच से वे कहते दिखे हैं, 'आमची मुंबई। वो कहते हैं, दिलजीत को बम से उड़ा देंगे। वाह! उनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो पर लोग न आएं। उन्हें डरा दिया जाए। धमका दिया जाए। किसी भी तरह से रोक दिया जाए'। इसके बाद दिलजीत ने राहत इंदौरी का शेर सुनाया-
शहरों में तो बारूदों का मौसम है,
गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है
बोले- मेरी तरफ से फिर भी प्यार रहेगा आपको
धमकियां भेजने वालों को सिंगर ने प्यार का पैगाम दिया। दिलजीत ने आगे कहा, 'मेरी तरफ से आपको प्यार है। आप बेशक बम फेंको, लेकिन मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है। मैं जो गाने गाता हूं वह गांव के हैं। मैं खुद भी गांव से हूं। अगर आपको मेरा कोई गाना नहीं भी समझ आया, लेकिन जो मिट्टी की खुशबू है, गांव की, वह जरूर समझ आएगी'।
मुंबई पुलिस को शुक्रिया कहा
सिंगर ने आगे मुंबई पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है जितने लोग यहा हैं, उतने बाहर भी फंसे हैं। पुलिस वालों की भी मजबूरी है। वो चेक कर-करके भेज रहे हैं सबको। मुंबई पुलिस का बहुत-बहुत शुक्रिया'। बता दें कि दिलजीत के बंगलूरू कॉन्सर्ट से पहले कथित तौर पर बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। इसे लेकर ही दिलजीत ने मुंबई कॉन्सर्ट में चुप्पी तोड़ी।
