मेरठ के भूमिया पुल पर खत्ता रोड़ स्थित नसरीन की 29 नवंबर को हत्या कर दी गई। नसरीन का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने पति के विवाहेतर संबंधों का विरोध कर रही थी। पति और ससुराल वालों ने नसरीन की हत्या कर शव को दफना दिया था। उनका कहना था कि नसरीन ने फांसी लगा ली। रविवार को डीएम के आदेश पर नसरीन का शव कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया गया।
Meerut: विदेशी युवती से था पति का अफेयर, विरोध करने पर पत्नी को दी खौफनाक मौत, पुलिस ने कब्र से निकलवाया शव
मेरठ के भूमिया पुल पर खत्ता रोड स्थित कब्रिस्तान से रविवार को मृतक नसरीन का शव कब्र से निकाला गया। प्रशासन की देख-रेख में कब्र से शव निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की हत्या का राज खुलेगा।
यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक शफीकुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन शुक्रवार को परिजनों के साथ एसएसपी आफिस पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 11 साल पहले बेटी नसरीन का निकाह हुमायूं नगर निवासी आमिर से किया था।
यह भी पढ़ें: Meerut: गंगानगर में 10 साल की बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोपी प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार
आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही बेटी के पति ने दहेज की मांग शुरू कर दी। उसके किसी विदेशी महिला से अवैध संबंध भी बने हुए थे। वह उससे शादी करना चाह रहा था। जब नसरीन ने विरोध किया तो 29 नवंबर को उसकी हत्या कर दी गई। बुजुर्ग पिता ने डीएम व एसएसपी से शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
डीएम दीपक मीणा ने लिसाड़ी गेट पुलिस को आदेश दिए थे कि रविवार को महिला का शव कब्र से निकाला जाए। इसके बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाए।
लिसाड़ी गेट क्राइम इंस्पेक्टर भंवर पाल सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर रविवार को नसरीन के शव को कब्र से निकाला गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।