मेरठ में अवैध मीट फैक्टरी मामले में हाजी याकूब कुरैशी की तलाश में भावनपुर पुलिस ने अब्दुल्लापुर में हिस्ट्रीशीटर नदीम मेवाती के घर पर दबिश दी। हालांकि यहां भी याकूब और उनका परिवार नहीं मिला। वहीं, पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की आरा मशीन की भी तलाशी ली। यहां तीन गाड़ियां मिलीं। पुलिस का कहना है कि याकूब के अब्दुल्लापुर में होने की सूचना मिली थी।
हाजी याकूब की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश: लोकेशन दिल्ली में, पुलिस देहात में ढूंढ रही, हिस्ट्रीशीटर के यहां ली तलाशी
पुलिस ने फैक्टरी से छापा मारकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं याकूब, उनकी पत्नी संजीदा बेगम और दोनों बेटे इमरान, फिरोज पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। तब से ही पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और उनके परिवार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास चल रहा है।
पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि याकूब और उसका परिवार भावनपुर के अब्दुल्लापुर में छिपा है। याकूब की गाड़ी भी एक आरा मशीन में खड़ी है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर भावनपुर नीरज मलिक ने हिस्ट्रीशीटर नदीम मेवाती के घर दबिश दी। यहां आराम शीन के पास तीन वाहन मिले हैं। यह वाहन नदीम मेवाती के बताए गए हैं।
नदीम भावनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस नदीम से पूछताछ करने के बाद लौट गई। इंस्पेक्टर भावनपुर नीरज मलिक का कहना है कि आशंका थी कि याकूब कुरैशी या उनके परिवार के अन्य सदस्य यहां पर आए हुए हैं, लेकिन यहां परिवार का कोई भी सदस्य नहीं मिला। याकूब कुरैशी के परिवार की लोकेशन कभी दिल्ली भी मिलती रही है, लेकिन अब तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: चिल्लाते रहे मासूम: नहीं पसीजा विनोद का दिल, पत्नी की गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार, थाने जाकर बोला- पूनम को मारकर आया हूं, गिरफ्तार कर लो
याकूब की गिरफ्तारी के लिए लगाईं पांच टीमें, कई जगह दबिश
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के गिरफ्तारी वारंट के बाद पुलिस पांच टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने याकूब परिवार की तलाश में कई जगह दबिश दी। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि याकूब परिवार की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
याकूब कुरैशी की अवैध मीट फैक्टरी में रखे हुए करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के मीट का निस्तारण कराने के लिए कोर्ट में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब तक याकूब के घर दो बार नोटिस भेज चुकी है पर इसका कोई जवाब नहीं मिला है। वहीं एमडीएम और प्रशासन फैक्टरी और अस्पताल पर बुलडोजर चलवाकर धवस्त करने की तैयारी में हैं।
दिल्ली और राजस्थान में दबिश
याकूब अपने रिश्तेदारों के यहां दिल्ली या राजस्थान में हो सकते हैं। पुलिस ने दिल्ली राजस्थान समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू की। याकूब के करीबी व रिश्तेदारों को भी पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने संरक्षण दिया तो कड़ी कार्रवाई होगी।