पुलिस जो न करे कम है। अब कन्नौज के तालग्राम का मामला ही ले लो। तीन जनवरी को तालाब में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस की कार्यशैली की पोल खुल गई। पुलिस ने आठ साल के बच्चे को ही हत्या का आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।
तीन जनवरी को तालग्राम के असेह गांव में कुछ लोगों ने कल्लू (35) पुत्र मुन्नालालकी पीटकर हत्या कर दी थी और शव को तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने 24 घंटे बाद इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट गांव के ही राजू पुत्र रामभरोसे, उसके बेटे लखन (25) के साथ ही राजू के आठ साल के बेटे के खिलाफ दर्ज की थी। घटना में नाम आने पर पिता-पुत्र फरार हैं।
गुरुवार शाम को आरोपी राजू की पत्नी सावित्री ने तालग्राम थाने जाकर पुलिस से गुहार लगाई कि उसके पति और बेटों को रंजिश में गलत फंसाया जा रहा है। सावित्री ने जब एसओ तारिक खान को बताया कि उसका एक बेटा तो मात्र आठ साल का है और कक्षा तीन में पढ़ रहा था तो पुलिस के भी कान खड़े हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुपचुप तरीके से गांव में इसकी जानकारी कराई तो मामला सही निकला। अब पुलिस इस भूल को सुधारने में जुटी है। थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि मृतक कल्लू की पत्नी रेखा ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। उस समय पता नहीं था कि इनमे से एक आरोपी आठ साल का है। इसी कारण मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जांच में आरोपी राजू के आठ साल के बेटे का नाम हटा दिया जाएगा।