शादी में सात फेरे लेकर 7 जन्मों तक साथ निभाने को दरकिनार कर महिला पति को छोड़कर मायके चली गई। पति ने पत्नी को पाने के लिए उसके प्रेमी को अगवा भी कर लिया।
फिर भी पत्नी उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार प्रेमी की पैरवी करते हुए महिला अपने मायके यह कहकर चली गई कि उसे कहां जाना है, यह बाद में तय करेगी। मामला यूपी के फर्रुखाबाद जिले का है।
फर्रुखबाद कायमगंज के एक गांव का युवक मूल रूप से दिल्ली निवासी पत्नी व अपनी 4 साल की बच्ची के साथ दिल्ली में रह रहा था। उसी घर में किराये पर फर्रुखाबाद का युवक भी रहता था। दोनों में दोस्ती हो गई।
फर्रुखाबाद के युवक का घर में आना जाना शुरू हुआ तो उसकी पत्नी से प्रेम हो गया। पांच महीने पहले फर्रुखाबाद का युवक उसकी पत्नी को लेकर फरार हो गया। कायमगंज के युवक का पत्नी से मोह फिर भी खत्म नहीं हुआ। उसने खुद को जोखिम में डालकर 3 दिन पहले फर्रुखाबाद के युवक को दिल्ली से अगवा कर लिया और कायमगंज में अपने घर पर रखा।
सोमवार को फर्रुखाबाद के युवक के परिजनों ने कोतवाली में सूचना दी। इस पर पुलिस ने उसके घर जाकर महिला के प्रेमी को बाहर निकाला। पुलिस प्रेमी व पति को कोतवाली ले आई। इसके बाद महिला को कोतवाली बुलाया गया। दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चलती रही। महिला प्रेमी के साथ जाने को ही अड़ी थी।