कानपुर हिंदू मेला: मातृ-पितृ वंदन में गुणवंत सिंह कोठारी बोले- विवाह कॉन्ट्रैक्ट नहीं…संस्कार है, कही ये बात
Kanpur News: मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता गुणवंत सिंह कोठारी ने एकल परिवार की स्थिति पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि माता प्रथम गुरु हैं, पिता अनुशासन सिखाते हैं और विवाह कॉन्ट्रैक्ट नहीं बल्कि संस्कार है। उन्होंने परिवार व समाज के प्रति प्रसन्नता से कर्तव्य निभाने पर जोर दिया।
विस्तार
कानपुर में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला के चौथे दिन रविवार को मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता गुणवंत सिंह कोठारी ने परिवार, संस्कार और मानवीय मूल्यों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने एकल परिवार की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि चराचर जगत में परिवार सबसे लघुत्तम इकाई है और हम माता-पिता की कृपा, परिश्रम व मार्गदर्शन से आगे बढ़ते हैं।
गुणवंत सिंह कोठारी ने कहा कि संयुक्त परिवार में उन्होंने 50 से अधिक सदस्यों के बीच संबंधों की पवित्रता, मर्यादा और कर्तव्यों को देखा है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक कर्तव्यों की पूर्ति किसी दबाव या कर्ज उतारने के भाव से नहीं, बल्कि प्रसन्नता से होनी चाहिए। उनके अनुसार माता प्रथम गुरु हैं, जो परिवार के सदस्यों से संबंधों का बोध कराती हैं और वात्सल्य देती हैं, जबकि पिता अनुभव व अनुशासन सिखाते हैं।
विवाह कॉन्ट्रैक्ट नहीं संस्कार है
उन्होंने कहा कि विवाह कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं, बल्कि जीवन के सोलह संस्कारों में से एक पवित्र संस्कार है, जिससे कुल की परंपरा, रीत, संस्कृति और कुलाचार की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि तीन साल के बच्चे की उंगली पकड़कर माता-पिता व दादा-दादी उसके हाथ से चिड़ियों व कबूतरों को दाना डलवाते हैं, ताकि बच्चे में पशु-पक्षियों की चिंता करने का दायित्व व संस्कार आए। मानवीय मूल्य परिवार से ही विकसित होते हैं।
आज के प्रमुख कार्यक्रम व मेले के आकर्षण
मेले के चौथे दिन सुबह 10 बजे मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि दोपहर दो बजे विराट हिंदू सम्मेलन होगा, जिसमें संत और महामंडलेश्वर शामिल होंगे। इसके अलावा हनुमानं की प्रस्तुति भी कार्यक्रमों में शामिल है। मेले में विभिन्न सेवा संगठनों के स्टॉल, तिरुपति का धर्म प्रचार रथ, कृत्रिम गंगा की धारा और बच्चों के लिए दादी-नानी का घर जैसे आकर्षण भी लगातार जारी हैं।
