कानपुर सिपाही भर्ती: मेडिकल परीक्षण में धांधली पर लीपापोती की कोशिश, पुलिस का दावा- करेंगे खुलासा, पढ़ें मामला
Kanpur News: सिविल लाइंस स्थित जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र में चल रहे आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के मेडिकल परीक्षण में पास कराने के नाम पर तीन से चार लाख रुपये वसूली किए जाने की चर्चा जोरों पर है। मामले में डीसीपी सेंट्रल के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है।
विस्तार
कानपुर में होमगार्ड अभ्यर्थियों से मेडिकल परीक्षण के नाम पर वसूली का मामला सामने आने के बाद अब आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के अभ्यर्थियों से वसूली किए जाने की चर्चा जोरों पर है। दावा है कि सिविल लाइंस स्थित जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र में हुए मेडिकल परीक्षण में वसूली का खेल चलता रहा। अस्पताल के बाहर सक्रिय दलालों ने पास कराने के नाम पर तीन-चार लाख रुपये की मांग की।
कई लोगों ने रुपये दिए, उन्हें पास भी किया गया। चर्चा सामने आने के बाद डीसीपी सेंट्रल के नेतृत्व में जांच टीम नियुक्त की गई है। हालांकि पुलिस के पास न तो कोई शिकायतीपत्र आया है और न ही एफआईआर दर्ज कर किसी की गिरफ्तारी की गई है। मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉक्टरों से भी पूछताछ नहीं की गई। पुलिस ने कुछ बाहरी लोगों से ही पूछताछ की गई है।
केपीएम के दो और उर्सला के एक डॉक्टर शामिल
इसमें पर्याप्त साक्ष्य न मिलने का पता चला है। इसके बावजूद पुलिस अधिकारी जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रहे हैं। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर हुई सीधी भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण सिविल लाइंस स्थित अस्पताल में हो रहा है। मेडिकल बोर्ड में केपीएम अस्पताल के दो और उर्सला अस्पताल के एक डॉक्टर शामिल हैं।
बिना ठोस साक्ष्यों के कुछ भी कहना मुश्किल
दावा है कि अभ्यर्थियों से पास होने के एवज में मोटी रकम वसूली जा रही है। वसूली डॉक्टरों के एजेंट ही कर रहे हैं। पुलिस को पता चला है कि पहले दिन अधिकतर लोगों को रकम लेकर ही पास किया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है। किसी की गिरफ्तारी भी नहीं की गई है, न ही कोई हिरासत में है। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। बिना ठोस साक्ष्यों के कुछ भी कहना मुश्किल है।
एलआईयू अपनी रिपोर्ट में बता चुकी है भर्ती का खेल
एलआईयू ने कुछ माह पहले शहर के चार प्रमुख सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार की रिपोर्ट अधिकारियों को पेश की थी। इनमें भर्तियों में होने वाले मेडिकल परीक्षण के नाम पर हो रहे खेल को बिंदुवार बताया गया था। 15 अक्तूबर को होमगार्ड भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों ने उर्सला के ईएनटी सर्जन डॉ. प्रवीन कुमार, डॉ. महेश कुमार, घाटमपुर सीएचसी के डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत और कार चालक अजीत पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया था।
किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है
उस मामले में पुलिस ने डॉ. प्रवीन, डॉ. महेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि ड्राइवर अजीत को जमानत मिल गई थी। वहीं, डॉ. देवेंद्र को साक्ष्यों के अभाव में छोड़ दिया गया था। अब आरक्षी अभ्यर्थियों ने पास करने के एवज में डॉक्टरों पर वसूली का आरोप लगाया है, पर किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है।
उर्सला और केपीएम के डॉक्टरों के नाम पर मांगी रकम
होमगार्ड भर्ती में रुपये लेकर मेडिकल परीक्षण के आरोप में दो डॉक्टरों के जेल जाने के बाद अब आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती में वसूली का मामला सामने आया, पर स्वास्थ्य विभाग इसकी जांच कराने के बजाय लीपापोती की कोशिश कर रहा है। उधर, शासन ने इस संबंध में रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में अपर निदेशक डॉ. रेनू पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
