कानपुर सुसाइड: 'न कोई नोट...न कोई सुराग', बंद कमरे में लटका था शव, बेड के नीचे शराब की बोतल और पेग, पढ़ें मामला
HBTU BTech Student Suicide Case: काकादेव थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती स्थित बॉयज हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर बीटेक छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, बेड के नीचे शराब की बोतल व बना पेग बरामद हुआ है।
विस्तार
कानपुर में काकादेव थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती स्थित चंदेल बॉयज हॉस्टल में शनिवार शाम एचबीटीयू के बीटेक छात्र यश कटियार (19) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रह रहा था। चचेरे भाई के काफी देर तक फोन करने पर भी जवाब नहीं मिला, तो वह उसे देखने पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
खिड़की का कांच तोड़कर देखा, तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं कर सकी। कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सहाबापुर राजपुर गांव निवासी किसान संदीप कटियार का इकलौता बेटा यश एचबीटीयू से केमिकल ट्रेड में बीटेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह छह माह पहले ही अभिषेक सिंह चंदेल के बॉयज हॉस्टल में किराये पर रहने आया था।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है
उसकी मां संगीता गृहिणी हैं। बर्रा निवासी चचेरे भाई शोभित कटियार ने बताया कि दोपहर को यश का फोन न उठने पर शाम को हॉस्टल पहुंचे जहां यश के फंदा लगाने की जानकारी हुई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के लिए मोबाइल को कब्जे में लिया गया है।
बेड के नीचे शराब की बोतल और बना पैक मिला
फॉरेंसिक टीम को बेड के नीचे शराब की एक बोतल और आधा गिलास में पेग बना हुआ मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे माता-पिता और चाची अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व में छात्र हॉस्टल के कमरे में दे चुके जान
- 18 अक्तूबर 2026: फतेहपुर निवासी छात्र विपिन पाल ने काकादेव स्थित हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी थी। वह यहां रहकर एनडीए की तैयारी कर रहा था।
- 14 जुलाई 2026: गीतानगर स्थित शुभी गर्ल्स हॉस्टल में पॉलिटेक्निक की छात्रा पूर्वा सचान ने खुदकुशी कर ली थी। 15 दिन पहले ही हॉस्टल में रहने आई थी।
- 04 अक्तूबर 2025: गीतानगर के एक हॉस्टल में कासगंज निवासी छात्र विजय सिंह का शव फंदे से लटका मिला। वह एसएससी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
- 14 सितंबर 2025: रानीगंज स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सीएसजेएमयू में रेडियोलॉजी की प्रथम वर्ष की छात्रा पलक धर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
- 08 सितंबर 2025: हितकारीनगर स्थित एक हॉस्टल में छात्र सुरजन सिंह ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। वह कानपुर देहात के भोगनीपुर का निवासी था और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
बहुत ही दुखद घटना है। छात्र पढ़ाई में सामान्य था। हाल ही में लैब एग्जाम (प्रैक्टिकल परीक्षाएं) भी दिए थे। अगले साल से कैंपस प्लेसमेंट के लिए योग्य था। एचबीटीयू परिवार उनके परिवार के साथ है। -प्रो. जीएल देवनानी, विभागाध्यक्ष, केमिकल इंजीनियरिंग विभाग
