मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस-सपा और बसपा समस्याएं लेकर आती हैं। अब यह नहीं हो पाएगा कि दंगा भी कराएंगे और फिर किसी पार्टी में जाकर जबरदस्ती फतवे जारी करके अव्यवस्था पैदा करेंगे। फतवे जारी कर माहौल बिगाड़ने वाले दंगाई खुद जान की भीख मांग रहे हैं।
CM Yogi Rally: बहेड़ी में बोले सीएम योगी- फतवे जारी कर माहौल बिगाड़ने वाले दंगाई मांग रहे जान की भीख
मुख्यमंत्री पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बहेड़ी के रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला यह भी जानता है कि वह जेल बाद में जाएगा, पहले से जहन्नुम के रास्ते उसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने भूमाफिया बनकर गरीब की या सार्वजनिक जमीन पर कब्जा किया है तो ब्याज सहित उसकी वसूली होगी। फिर उनकी संपत्ति पर गरीबों के लिए आवास बनाएंगे, जैसा प्रयागराज में किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में विकास के साथ विरासत और आस्था का सम्मान भी है। तीन तलाक, अनुच्छेद 370 और राम मंदिर का जिक्र करते हुए सवाल किया कि कांग्रेस, बसपा और सपा के शासन में क्या यह संभव था। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के बाद देश में आतंकवाद की समस्या का समाधान हो गया है। भारत का कोई भी नागरिक जम्मू-कश्मीर में जाकर जमीन खरीद सकता है। कांग्रेस ने इससे देश को वंचित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 120 चीनी मिलों में से 105 एक सप्ताह में किसानों को बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। 15 मिलों के भुगतान में देरी है और ऐसी मिलों का संचालन किसानों की को-ऑपरेटिव सोसायटी बनाकर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि, सात वर्ष के शासन में प्रदेश के किसानों को ढाई लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। कांग्रेस, सपा और बसपा के 22 वर्ष के शासन में भी इतना भुगतान नहीं हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पीढ़ी बहुत सौभाग्यशाली है कि 500 वर्ष का इंतजार समाप्त होने की साक्षी बनी है। इस वक्त अयोध्या में ऐसा माहौल है कि जैसे त्रेतायुग में प्रभु राम उतरकर साक्षात आशीर्वाद दे रहे हैं। उन्होंने वहां मौजूद जनता से कहा कि आप सभी 19 अप्रैल को मतदान के बाद अयोध्या जाकर राम का आशीर्वाद प्राप्त करें।