कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण बरती जा रही एहतियात के बीच बुधवार को कोरोना का संदिग्ध मरीज मिलने पर एसआरएन अस्पताल में हड़कंप मच गया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद स्टाफ दहशत में आकर बाहर निकल गया। पीड़ित युवक हाल ही में इटली से लौटा है।
प्रयागराज में मिला कोरोना संदिग्ध, दस दिन पहले इटली से आया था युवक
एसआरएन अस्पताल पहुंचे शिवकुटी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने बताया कि वह करीब दस दिन पहले इटली से आया था। वहां कोरोना वायरस के कारण दिक्कत बढ़ी तो वह घर के लिए निकला। पीड़ित युवक के मुताबिक इस दौरान उसे कोई दिक्कत नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में भी सब कुछ दुरुस्त था।
मंगलवार को उसे बुखार आया, फिर गले में दिक्कत हुई। बुधवार को उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस पर वह जांच कराने एसआरएन अस्पताल पहुंचा। अस्पताल पहुंचे मरीज में कोरोना के लक्षण देखकर चिकित्सक भी परेशान हो गए। आइसोलेशन वार्ड में तैनात सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों के पास खड़े उनके साथी वहां से चले गए। कुछ दवा प्रतिनिधि भी खिसक लिए।
विभागाध्यक्ष मेडिसिन डॉ. सरिता बजाज ने मामले की जानकारी प्रचार्य डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ डॉ. जीएस बाजपेयी, एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव को दी। बाद में उसका उपचार शुरू किया गया। वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट में एक कर्मचारी के बुखार से पीड़ित मिलने पर उसे घर भेज दिया गया।
रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना के प्रभाव की रोकथाम के लिए गठित कमेटी की संस्तुति पर मुख्य न्यायाधीश ने प्रशासनिक समिति के सभी जजों से वार्ता के बाद हाईकोर्ट तीन दिन के लिए बंद करने के निर्णय को स्वीकृति प्रदान कर दी है।