अखाड़े में महंत की संदिग्ध हाल में मौत के मामले में भले ही पुलिस इसे सुसाइड मान रही हो, लेकिन घटनास्थल के हालात से उसकी यह थ्योरी सवालों के घेरे में है। दरअसल जो बातें इस मामले को संदिग्ध बनाती हैं, उनमेें एक खास बात यह है कि कमरे से पुलिस को कारतूस के दो खोखे मिले। अब सवाल यह है कि जब महंत को एक गोली लगी, तो दूसरी गोली आखिर किसने चलाई।
महंत आशीष गिरी की मौत का मामलाः गोली एक चली तो कमरे से कैसे मिले दो खोखे
सूत्रों की मानें तो घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस जांच में जुटी थी कि इसी दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिसकर्मी उस वक्त हैरान रह गए जब वहां कारतूस के दो खोखे मिले। चौंकाने वाली बात यह थी कि महंत की कनपटी पर एक गोली लगी थी। पुलिस की थ्योरी के मुताबिक, महंत ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की। अब सवाल यह है कि महंत जब एक ही गोली लगने के बाद बिस्तर पर लुढ़क गए तो फिर कमरे में दूसरा खोखा कहां से आया। इसके अलावा एक अन्य खास बात यह भी है कि इतने बड़े आश्रम में गोली चलने की आवाज किसी ने नहीं सुनी।
पुलिस को भी यही बताया गया है कि बहुत देर तक नीचे नहीं आने पर जब उन्हें साधु बुलाने उनके कमरे में पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि महंत के कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था। दरवाजा खुला होने के बावजूद यह कैसे संभव है कि ऊपरी मंजिल पर गोली चले और आश्रम में चंद कदम पर स्थित कमरों व नीचे के तल पर मौजूद लोगों को इसकी आवाज नहीं सुनाई दे। इस संबंध में जब दारागंज पुलिस से बात की गई तो उसका भी यही कहना था कि उसके सामने कोई ऐसा व्यक्ति नहीं आया जिसने गोली चलने की आवाज सुनी हो। उधर बरामद दो खोखों के बारे में बताया कि इनमें से एक खोखा पुराना था। लेकिन सवाल यह भी है कि महंत ने आखिर पुराना खोखा क्यों रखा हुआ था। साथ ही अगर पुराना खोखा कमरे में था तो भी यह नए खोखे के साथ बिस्तर पर कैसे पहुंचा।
पांच-पांच लाख के दो चेक भी मिले
पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल के दौरान कमरे में अन्य सामान के साथ ही एक जिंदा कारतूस भी मिला। इसके अलावा टैबलेट, दो मोबाइल, आई कार्ड, शस्त्र लाइसेंस के अलावा दो चेक भी मिले। दोनों चेक पांच-पांच लाख रुपये के बताए जा रहे हैं जो अखाड़े के नाम पर जारी किए गए थे। पुलिस अफसरों ने बताया कि इन सभी चीजों को कब्जे में ले लिया गया है।
सिर के पार हो गई थी गोली
मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण आननफानन में घटना के कुछ देर बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि गोली कनपटी पर बायीं ओर मारी गई थी जो सिर को भेदते हुए दाहिनी ओर से पार हो गई थी। इसके अलावा शरीर में किसी अन्य चोट का निशान नहीं मिला।