पलभर की खुशियां और जिंदगीभर का गम...। यह दर्द है कासगंज जिले के गांव नगला बरी निवासी लक्ष्मी का, जो सड़क हादसे में पति, ससुर और दो अन्य रिश्तेदारों को खोकर घायल अवस्था में दर्द से कराह रही है। रविवार को शादी के बाद लक्ष्मी आंखों में खूबसूरत सपने संजोकर ससुराल के लिए विदा हुई थी, लेकिन वैवाहिक जिंदगी का सफर शुरू होने से पहले ही उसका हमसफर छूट गया।
गांव भुजपुरा निवासी विजेंद्र की शादी लक्ष्मी के साथ हुई थी। रविवार शाम को लक्ष्मी की विदाई कराकर लौट रहे विजेंद्र की कार सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में विजेंद्र और उसके पिता समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लक्ष्मी अलीगढ़ अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। उधर, हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
2 of 5
कासगंज में हुआ सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
सात जन्म तक साथ निभाने का बंधन बांधकर बाबुल के घर से पिया के साथ लक्ष्मी विदा हुई थी, लेकिन पलभर में उसके सारे सपने टूट गए। वहीं लक्ष्मी की सास मिथलेश रो-रोकर बेसुध हो रही थी। उसने सेहरा उतरने से पहले ही अपने लाड़ले को खो दिया। बेटे के साथ पति और दामाद की भी मौत हो गई। मिथलेश पर दुखों का पहाड़ टूटा है। इस हादसे के बाद गांव में हर कोई द्रवित दिखाई दिया।
3 of 5
भुजपुरा में हुआ तीन शवों का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
विजेंद्र सहित चारों शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार तड़के परिजनों को सौंप दिए गए। मृतकों में विजेंद्र, उसके पिता होरीलाल, बहनोई प्रवीण एवं कार चालक कल्यान सिंह के शव को उनके पैतृक गांव में ले जाया गया। शवों के गांवों में पहुंचते ही चीत्कार मच गया। तीन शवों का अंतिम संस्कार भुजपुरा में और प्रवीण के शव का अंतिम संस्कार गांव खरपरा में किया गया।
4 of 5
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
- फोटो : अमर उजाला।
गंजडुंडवारा-सिढ़पुरा मार्ग पर रविवार की शाम सड़क हादसे में दूल्हा सहित चार लोगों की मौत के बाद डीएम, एसपी एवं पटियाली विधायक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख एवं घायलों के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
5 of 5
कासगंज सड़क हादसा: घटनास्थल पर अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद अलीगढ़ से आरटीओ फरीजुद्दीन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच पड़ताल की। जांच में चालक की लापरवाही एवं ओवरस्पीड को हादसे का कारण बताया गया। एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।