ताजनगरी को सबसे बड़ा कर्ज मेट्रो के लिए मिलेगा। 4195 करोड़ रुपये (480 मिलियन यूरो) के ऋण को यूरोपियन निवेश बैंक (ईआईबी) से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। भुगतान के लिए प्रस्ताव बैंक के बोर्ड को भेजा गया है। लोन एग्रीमेंट को मंजूरी मिलने के बाद ही उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने बीती सात अगस्त को आगरा का सबसे बड़ा करीब 2200 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी कर दिया है। इस टेंडर में ताजमहल से लेकर आरबीएस कॉलेज तक सात भूमिगत मेट्रो स्टेशन के लिए सुरंग खोदी जाएगी। आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की लागत 8380 करोड़ रुपये है। जिसमें 29.40 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर और 27 स्टेशन बनेंगे। प्रोजेक्ट की कुल लागत का 50 फीसदी वित्त पोषण यूरोपियन निवेश बैंक करेगी। जिसके लिए 480 मिलियन यूरो कर्ज दिया जा रहा है। बाकी प्रोजेक्ट लागत का 50 फीसदी खर्च में 25 प्रतिशत केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। वित्त वर्ष 2020-21 में राज्य सरकार ने 597 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन आगरा मेट्रो के लिए किया था। फिलहाल आगरा में करीब 400 करोड़ रुपये के कार्य निर्माणाधीन हैं। यूरोपियन बैंक ने इस ऋण की घोषणा अपनी अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से की है।
आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट: ताजनगरी को मिलेगा 4195 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा कर्ज, पढ़िए ये रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोच, सिग्नलिंग व ट्रैक पर होगा खर्च
यूरोपियन बैंक से जो ऋण मिलने जा रहा है उससे आगरा मेट्रो के लिए 87 कोच (रोलिंग स्टॉक) खरीदे जाएंगे। साथ ही दोनों कॉरिडोर का विद्युतीकरण और सिग्नलिंग कार्य होगा। ट्रैक निर्माण पर भी पैसा खर्च होगा। यूरोप की निवेश बैंक ने 2016 से भारत में शहरी परिवहन के लिए ऋण वितरण शुरू किया है।
2200 करोड़ रुपये के टेंडर जारी
सबसे बड़े कर्ज के साथ ही सबसे बड़ा टेंडर भी अब मेट्रो में जारी हुआ है। सात भूमिगत स्टेशन की अनुमानित लागत करीब 2200 करोड़ रुपये तय की गई है। जिसमें ताजमहल स्थित पुरानी मंडी चौराहे से आगरा किला व जामा मस्जिद, एसएन मेडिकल कॉलेज, राजामंडी होते हुए आरबीएस कॉलेज तक सात मेट्रो स्टेशन के लिए करीब सात किलो मीटर लंबी सुरंग (टनल) खोदी जाएगी। टनल में होकर मेट्रो चलेगी। सात स्टेशन बनेंगे। यूपीएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक सितंबर के अंतिम सप्ताह तक यह टेंडर खुल सकते हैं।
ईआईबी से मिल चुका है एप्रूवल
आगरा मेट्रो के लिए 4195 करोड़ रुपये का लोन एप्रूवल यूरोपियन इनवेस्टमेंट बैंक से मिल चुका है। सात स्टेशन के टेंडर भी जारी हो गए हैं। काम बहुत तेजी से चल रहा है। जिस तरह हमने रिकॉर्ड टाइम में लखनऊ और कानपुर में काम पूरा किया है उसी तरह आगरा प्रोजेक्ट तय समय में पूरा करेंगे। - कुमार केशव, प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसी