रोहतांग दर्रे को 15 मई से पहले यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। रोहतांग के साथ सटे पर्यटन स्थल मढ़ी तक पांच मई से पर्यटक वाहन जाएंगे। पहले दिन 600 वाहनों को ही भेजा जाएगा, इसके लिए पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग चार मई से कर सकेंगे।
बर्फ से लकदक रोहतांग की वादियां निहार सकेंगे पर्यटक, वाहन परमिट के लिए ऐसे होगी बुकिंग
रोहतांग को खोलने के लिए बीआरओ 15 से 20 फीट बर्फ का काम जारी है। मढ़ी तक सैलानियों को भेजने का रास्ता साफ हो गया है और मढ़ी से रोहतांग की तरफ करीब एक किलोमीटर सड़क पर करीब 400 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि मढ़ी जाने को परमिट लेने के लिए शनिवार से वेबसाइट चला दी जाएगी। यह वेबसाइट सुबह दस से शाम चार बजे तक खुली रहेगी।
सोमवार से एनजीटी के आदेश पर 300 वाहनों के लिए परमिट जारी किए जाएंगे। 100 ऐसे परमिट होंगे, जिन्हें कोई भी व्यक्ति अपने निजी वाहन के लिए प्राप्त कर सकता है। शुल्क 550 रुपये रहेगा। उन्होंने कहा कि वाहनों की निगरानी तथा इन्हें व्यवस्थित करने के लिए गुलाबा में एक अस्थायी पोस्ट स्थापित की जा रही है। सभी टैक्सी चालकों को हिदायत दी गई है कि वे पर्यटकों से कूड़ा और प्लास्टिक नि:शुल्क उपलब्ध करवाए गए बैगों में डलवाएं।
सैलानियों और आम लोगों की सुविधा के लिए मढ़ी क्षेत्र में शनिवार से डे ऑफिसर की तैनाती की जा रही है। रविवार से ड्यूटी मैजिस्ट्रेट सभी सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आएंगे। 150 गृह रक्षा के जवानों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके अलावा पुलिस सुचारू यातायात सुनिश्चित बनाने की व्यवस्था करेगी। इस बार मढ़ी में इको मित्र मार्केट सैलानियों और लोगों को खानपान तथा अन्य वस्तुएं प्रदान करेगी। इसका आवंटन कर लिया गया है। सैलानियों की सुविधा के लिए इंटरनेट अथवा दूरभाष क्नेक्टिविटी भी प्रदान की जाएगी।
एसडीएम मनाली अश्वनी कुमार ने बताया कि भारी वाहन गुलाबा बैरियर से रात्रि दो बजे से चार बजे तक लाहौल-स्पीति, पांगी और लेह के लिए छोड़े जाएंगे। सुबह पांच से साढ़े पांच बजे तक छोटे वाहनों को भेजा जाएगा। गुलाबा से लाहौल-स्पीति, पांगी और लेह लद्दाख को जाने वाले सैलानियों के वाहनों को छोड़ने का समय सुबह साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक रहेगा।