शिक्षा विभाग का फैसला रद्द: पैरा शिक्षकों को 2015 से नियमित करने के आदेश, देने होंगे वित्तीय लाभ
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने पैरा टीचरों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने पैरा शिक्षकों के नियमितीकरण से जुड़े सभी वित्तीय और अन्य बकाया लाभ छह सप्ताह के भीतर जारी करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने पैरा टीचर से नियमित हुई शिक्षिका कमलेश कुमारी को बड़ी राहत देते हुए शिक्षा विभाग को 5 जनवरी 2015 से वास्तविक आधार पर नियमित करने के आदेश दिए हैं। अदालत ने निर्देश दिए हैं कि नियमितीकरण से जुड़े सभी वित्तीय और अन्य बकाया लाभ छह सप्ताह के भीतर जारी किए जाएं। न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की अदालत ने शिक्षिका की याचिका स्वीकार करते हुए विभाग का एक अगस्त 2025 का आदेश भी रद्द कर दिया। याचिकाकर्ता की नियुक्ति 24 फरवरी 2004 को पैरा टीचर नीति के तहत टीजीटी मेडिकल के पद पर हुई थी। सरकार की नीति के अनुसार 10 वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले पैरा टीचर्स को नियमित किया जाना था।
विभाग ने 1 अगस्त 2025 को खारिज किया था दावा
सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामला निपटने के बाद शिक्षा विभाग ने 22/24 सितंबर 2020 को आदेश जारी कर 28 शिक्षकों को 10 वर्ष का सेवाकाल पूरा होने की तारीख से नियमित किया था। इनमें कमलेश कुमारी भी शामिल थीं। हालांकि, विभाग ने उन्हें 5 जनवरी 2015 से नोशनल यानी काल्पनिक आधार पर नियमित माना था, जबकि वास्तविक वित्तीय लाभ आदेश जारी होने की तारीख से देने का फैसला किया था। इसके बाद कमलेश कुमारी ने भी वास्तविक आधार पर नियमितीकरण और उससे जुड़े वित्तीय लाभ देने की मांग की। विभाग ने 1 अगस्त 2025 को उनका दावा खारिज कर दिया।
हाईकोर्ट ने विभाग की इस दलील को स्वीकार नहीं किया
विभाग ने दलील दी थी कि शिक्षिका के सेवाकाल में असाधारण अवकाश के कारण 181 दिनों का ब्रेक आया था। इस वजह से वह नियमितीकरण की पात्र नहीं थीं। हाईकोर्ट ने विभाग की इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि विभाग सितंबर 2020 में ही 181 दिनों के अवकाश को सेवाकाल में शामिल कर शिक्षिका को 5 जनवरी 2015 से नोशनल आधार पर नियमित कर चुका है। ऐसे में अब उसी अवकाश का हवाला देकर वास्तविक वित्तीय लाभ देने से इन्कार नहीं किया जा सकता। अदालत ने विभाग को 5 जनवरी 2015 से वास्तविक आधार पर नियमितीकरण करने और छह सप्ताह के भीतर सभी परिणामी वित्तीय एवं अन्य लाभ जारी करने के निर्देश दिए हैं।
