देवभूमि की चोटियां एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं। कुदरत का नजारा देखने के लिए टूरिस्टों की भीड़ उमड़ पड़ी है। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू व लाहौल घाटी में रविवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। हालांकि दोपहर एक बजे तक कुल्लू-मनाली का मौसम साफ रहा और बीच में धूप भी खिलती रही। तस्वीर में लाहौल-स्पीति के चिचम गांव का नजारा।
तस्वीर में किन्नौर जिले के छितकुल में एक फीट बर्फबारी होने के बाद कुछ यूं दिखा नजारा।
इस दौरान मनाली घूमने आए पर्यटकों ने सोलंगनाला का रूख कर यहां ताजा बर्फ के बीच खूब अठखेलियां की। जबकि दोपहर बाद रोहतांग दर्रा, सोलंगनाला व जलोड़ी दर्रा आदि पहाडिय़ों में बर्फबारी फिर शुरू हुई। जबकि निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्व्यस्त हो गया।
रविवार को वार्षिक परीक्षा के प्रश्रपत्रों को लेकर पांगी के लिए उड़ा हेलीकाप्टर खराब मौसम के कारण रोहतांग से वापस लौट आया। रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी होने की सूचना है। जबकि सोलंगनाला में 15 तथा जलोड़ी दर्रा में दस सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा होकर गुजरने वाले औट-आनी-सैंज हाईवे-305 के बंद होने से लोगों को सोझा से मीलों पैदल चलकर अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा।
वहीं बर्फबारी से जाणा, गाड़ागुशैणी, मलाणा, रोहाचला, पलचान, कोठी समे डेढ़ दर्जन एचआरटीसी के बसों के रूट प्रभावित हो गए हैं। ऐसे में लोगों को आधे रास्ते से पैदल ही जाना पड़ा। बारिश व बर्फबारी को कृषि के साथ बागवानी के लिए वरदान माना जा रही है। मौसम के रूख को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला व खंड स्तर की आपदा प्रबंधक टीमों को अलर्ट रहने को कहा गया है। डीसी कुल्लू युनूस ने पर्यटकों को संवेदनशील इलाकों की ओर न जाने की हिदायत दी है।