देवभूमि में होली के रंग में हर कोई रंग गया। छोटी काशी में खूब गुलाल उड़ा। डीजे की धुनों पर लोगों ने जमकर मस्ती की। छोटी काशी (मंडी) के रूप में विख्यात प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में रंगोत्सव का नजारा कुछ अलग ही नजर आया। चारों तरफ अबीर-गुलाल उड़ाते नाचते-गाते लोगों ने होली पर्व को चार चांद लगा दिए। रंगों से सरोबार होली उत्सव डीजे की धुनों और पारंपरिक रीति रिवाजों का निर्वहन करते हुए मनाया गया।
तस्वीरें: होली के रंग में रंगा हर कोई, छोटी काशी में खूब उड़ा गुलाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐतिहासिक सेरी मंच पर डीजे की धुनों पर यंगिस्तान से लेकर हर वर्ग के लोगों ने जमकर मस्ती की। जिसके बाद रियासतकालीन देवता माधोराय की पालकी के साथ होली खेली गई। होली का जश्न मनाने के लिए सेरी में पूरा शहर उमड़ पड़ा। पहाड़ी, हिंदी, भोजपुरी और होली के गीतों पर युवाओं ने जमकर डांस किया। राजदेवता माधोराय भी पालकी में सवार होकर होली के मतवालों के साथ होली खेलने सड़कों पर उतर आए। माधोराय की जलेब निकलने के बाद ही मंडी में होली की मस्ती समाप्त हो गई। होली का त्योहार मंडी जनपद में देश भर में मनाई जाने वाली होली से एक दिन पूर्व ही मनाया जाता है।
सुबह से ही युवाओं की टोलियां सड़कों पर निकल कर एक दूसरे पर रंग गुलाल फेंकते हुए सेरी चानणी की ओर बढ़ने लगीं। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजारों में भी अबीर गुलाल की बौछार जमकर हुई। 11 बजे से शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर लोग डीजे पर मस्ती में शुरू हो गए थे। हजारों लोगों ने जमकर गुलाल उड़ाया और डांस किया। युवाओं में खासा उत्साह था। दोपहर 2 बजे राजदेवता माधोराय की पालकी दरबार से निकली। लोगों ने माधोराय के संग होली खेली। राज दरबार से चौहाटा, समखेतर, भूतनाथ होते हुए देव माधोराय की पालकी वापस मंदिर पहुंची। होली में रियासत काल से ही राजदेवता माधोराय की भागीदारी रही है। देर शाम कांभल वृक्ष की टहनियों की पूजा कर उसका होलिका दहन किया गया।
नाचन और सिराज घाटी में रंगों का पर्व होली श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वीरवार सुबह से ही क्षेत्र में बच्चे और लोग हाथ में गुलाल लेकर एक दूसरे को रंग लगाते नजर आए। क्षेत्र के लोगों ने दिन भर एक दूसरे को गुलाल लगाया और होली पर्व की बधाई दी। अभिलाषी विश्वविद्यालय में कॉलेज छात्रों ने डीजे की धुनों पर होली पर्व का आनंद लिया। चैलचौक में नाचन भाजपा ने विधायक विनोद कुमार की मौजूदगी में होली पर्व मनाया और बाजार के लोगों को विधायक ने रंग लगाकर बधाई दी। सिराजघाटी में भी जंजैहली, थुनाग, बगस्याड़ और कांढा में होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
अनेक लोगों ने परिवार सहित मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की और देवी देवताओं का आशीर्वाद लिया। सिराज घाटी और कमरूघाटी में अनेक स्थानों पर लोगों ने होली पर्व पर बकरे भी काटे। चैलचौक, गोहर, गणई और आसपास के इलाकों में दिनभर डीजे बजते रहे और युवा होली के रंग में नाचते गाते रहे। एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने बताया कि क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। कहीं से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र में होली शांतिपूवर्क मनाई गई।