बनिहाल में सीआरपीएफ की कॉनवॉय पर कार ब्लास्ट कर हमला करने के आरोपी जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर व पाकिस्तानी आतंकी मुन्ना लाहोरी उर्फ बिहारी को सुरक्षा बलों ने साथी समेत मार गिराया। मुठभेड़ दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार को हुई। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों को शुक्रवार की रात को यह सूचना मिली थी कि शोपियां जिले के बोनबाजार इलाके के बांडे मोहल्ला में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं।
आतंकी मुन्ना लाहोरी को सेना ने सुलाया मौत की नींद, रच रहा था पुलवामा जैसे बड़े हमले की साजिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस सूचना पर सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की। पूरी रात मोहल्ले को घेरा रखा गया था। सुबह जब तलाशी अभियान तेज किया गया तो अपने को घिरता पाकर छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली। पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकियों की शिनाख्त पाकिस्तान के मुन्ना लाहोरी के रूप में हुई। वह जैश का दक्षिणी कश्मीर का कमांडर था।
वह 30 मार्च को बनिहाल में सीआरपीएफ कॉनवॉय पर कार ब्लास्ट हमले में शामिल था। इसके साथ ही 17 जून को पुलवामा के अरिहाल में सेना के वाहन में आईईडी लगी कार ब्लास्ट की घटना में भी शामिल था जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे। इसके साथ ही हमले में दो नागरिकों समेत नौ लोग घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार दूसरा आतंकी शोपियां जिले के तुर्कवानगाम का जीनत उल इस्लाम था। जीनत पर कई मामले दर्ज थे। उसके खिलाफ जैनापोरा में नागरिक इरफान हमीद की हत्या का मुकदमा था। मुन्ना लाहोरी आईईडी का एक्सपर्ट था। वह कश्मीर घाटी में कई हत्याओं में शामिल था। जैश ए मोहम्मद की ओर से घाटी में युवकों की भर्ती में उसका इस्तेमाल किया जाता था।
लाहोरी और उसके साथियों ने पुलवामा शोपियां में ठिकाना बनाया था। लाहोरी जैश के लिए स्थानीय युवाओं की भर्ती भी करता था और उन्हें स्थानीय संसाधनों से आईईडी बनाने की ट्रेनिंग देता था। सूत्रों ने एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी के हवाले से बताया कि लाहोरी पुलवामा की तरह हमले करने की साजिश रच रहा था। दक्षिण कश्मीर के 4 जिले पुलवामा शोपियां कुलगाम और अनंतनाग आतंकवाद प्रभावित हैं।
आतंकियों के मारे जाने पर कुछ स्थानीय लोगों ने पथराव व प्रदर्शन किया तलाशी में भी बाधा डालने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे लाठीचार्ज भी किया। इसमें कुछ लोग घायल हो गए। अहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
लांसनायक राजेंद्र सिंह शहीद
पाक सेना ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में मचल सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सीमा पार से गोलीबारी में 57 राष्ट्रीय राइफल्स के लांसनायक राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान अस्पताल में उनका निधन हो गया।
लाहोरी के पीछे आईएसआई का दिमाग
लाहोरी पिछले साल भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटकों के साथ कश्मीर में घुसा था। उसने एक और पाकिस्तानी जैश कमांडर इस्माइल के साथ मिलकर दक्षिण कश्मीर में कई धमाके किए थे। बताया जा रहा है कि लाहोरी और इस्माइल पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई की नई रणनीति का हिस्सा थे जिसके तहत आतंकी हमलों में सीधे शामिल न होने से सुरक्षाबलों की निगाह में नहीं आ पाते थे। बनिहाल में सुरक्षाबलों पर मार्च में हुए कार बम हमले में लाहोरी का हाथ था।