गार्द में शामिल सिपाही ने गुरुवार दोपहर कोर्ट परिसर में पुलिस वाहन में बैठे बडवासनी गैंग के शार्प शूटर के सिर से पिस्टल सटा तीन गोलियां मार दीं। पुलिस बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा को रोहतक की सुनारिया जेल से पेशी पर लेकर आई थी। घटना के कुछ मिनट बाद ही गांव बरोणा में स्कॉर्पियो सवार 4-5 हमलावरों ने बदमाश अजय के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घायल अजय को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। सिपाही ने 15 लाख रुपये के लेनदेन के मामले में गोली मारने की बात कही है, वहीं पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। उधर, बरोणा में हत्या कर बदमाश सैदपुर में जजपा नेता को मारने पहुंचे थे लेकिन वह मौके पर नहीं मिले। जनवरी 2018 में संदीप बड़वासनी गैंग के शार्प शूटर अजय उर्फ बिट्टू बरोणा को रोहतक पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस पर आधा दर्जन हत्याओं समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अजय तब से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद था। गुरुवार को बदमाश अजय को अवैध हथियार रखने के मामले में सोनीपत कोर्ट में पेश किया गया।
सिपाही ने बदमाश के सिर में मारीं तीन गोलियां, गांव में पिता की हत्या फिर जजपा नेता को मारने पहुंचे
पेशी के बाद वह कोर्ट परिसर में बक्शीखाने के पास कैदी वाहन में बैठा था। उसी दौरान जेल से गार्द में सिपाही महेश ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर अजय के सिर से सटाकर तीन गोली मारी। सिपाही महेश गांव गामड़ी का रहने वाला है और रोहतक में तैनात है। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने सिपाही को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना पर एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा, डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोर्ट परिसर में हुई इस घटना के करीब पांच से 10 मिनट बाद ही शार्प शूटर अजय के गांव बरोणा में उसके पिता कृष्ण को हमलावरों ने घर में घुसकर 4-5 गोलियां मार दीं। बदमाश वारदात के बाद स्कॉर्पियो में भाग गए।
डीटीसी के पूर्व इंस्पेक्टर कृष्ण को गोलियां लगने के बाद परिजन अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। कृष्ण को उनकी पत्नी के सामने ही गोलियां मारीं। पत्नी अनीता के हाथ जोड़ने पर उसे और छोटे बच्चे को जिंदा छोड़ दिया। अनीता ने पुरानी रंजिश में उसके पति पर हमला करने का आरोप लगाते हुए गांव के रवि उर्फ मुनिया, भाई बृजेश, साथी रामकरण बैंयापुर, नरेश, जसबीर, रमेश पहलवान नयाबांस गन्नौर, राजेश सरकारी, नीटू खांडा, पौना मदीना, आशीष, विक्की, परविंदर कौर, गांदरा निवासी सोनू मलिक, अधिवक्ता शशि प्रकाश, महेश, सोनू मलिक की पत्नी आरती, मुनिया की मां, आनंद गांदरा के खिलाफ शिकायत दी है। उसने आरोप लगाया कि सोनू मलिक और सिपाही महेश ने कुछ महीने पहले ही परिवार को देख लेने की धमकी दी थी।
नहीं मिला जजपा नेता तो बोले- आज बच गया मोदी
सैदपुर निवासी सुनील के अनुसार वह गुरुवार को गांव में अपनी गैस एजेंसी के कार्यालय में बैठा था। उसी दौरान चार युवक कार्यालय में घुसे और पूछा कि क्या मोदी का ऑफिस यही है? उसने बताया कि विनोद उर्फ मोदी उसका भाई है तो उसके बारे में पूछने लगे। सुनील ने उन्हें बताया कि मोदी यहां नहीं है। चारों में से एक ने पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी और कहा कि आज मोदी को मारना था, बच गया। एक अन्य ने भी पिस्तौल निकाल ली और फिर चारों बाहर निकल गए। जब वह बाहर आया तो चारों युवक स्कॉर्पियो में दिल्ली की ओर निकल गए। विनोद उर्फ मोदी जजपा के हलका प्रभारी हैं। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने दावा किया है कि बरोणा में हत्या करने वाले बदमाश ही सैदपुर पहुंचे थे।
सिपाही बोला - 15 लाख लिए, वापस मांगने पर धमका रहा था
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शार्प शूटर अजय को महेश ने किसी जानकार से 15 लाख रुपये दिलवा रखे थे। वापस मांगने पर वह जेल से धमका रहा था। हालांकि पुलिस इस मामले को गैंगवार के साथ ही रोहतक में कई साल पहले हुई हत्या से जोड़कर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सिपाही महेश से पूछताछ जारी है और उसकी बातों की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
न्यायालय परिसर में पेशी पर आए अजय को सिर में तीन गोलियां मारी हैं और उसके पिता की गांव बरोणा में हत्या की गई है। अजय की हत्या के प्रयास में एसआई के बयान पर सिपाही महेश व अन्य और उसके पिता की हत्या के मामले में मां के बयान पर 18 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। - जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।