कन्नौज: अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित गिरफ्तार
Kannauj News: छिबरामऊ में भाजपा विधायक के भतीजे अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड के मुख्य आरोपी कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दीपावली की शाम कोतवाली के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद गठित छह टीमों ने दबिश देकर यह सफलता हासिल की।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में भाजपा विधायक के भतीजे अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में गठित छह पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपी की गिरफ्तारी के स्थान का खुलासा नहीं किया है। बताते चलें कि दीपावली के दिन शाम करीब साढ़े छह बजे कोतवाली के सामने अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
आरोप है कि मामूली विवाद के बाद कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित ने अपनी पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर अधिवक्ता को गोलियां मार दी थीं। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। कोतवाली के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तारी
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। इनमें मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित के अलावा उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी शामिल हैं। पुलिस मुख्य आरोपी की मां को पहले ही हिरासत में ले चुकी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है