हिमाचल के कुल्लू जिले की ऊझी घाटी के मनाली के साथ सटे वामतट स्थित सजला गांव में देवता भगवान विष्णु के मंदिर में घुस कर एक शातिर ने चोरी को अंजाम दिया गया है।
चोरी की वारदात बुधवार रात करीब दो बजे के आसपास हुई है और चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने कारदार की शिकायत पर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस की दी शिकायत में देवता विष्णु के कारदार पन्ना लाल गुरुवार सुबह जब देवता का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर गए तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने घर जाकर इसकी सूचना देवता के अन्य कारकूनों और पुलिस को दी। बाद में देवता के कारकून और अन्य लोग मंदिर पहुंचे जहां मंदिर का ताला और मंदिर में रखा दानपात्र तोड़ा हुआ पाया।
इसके अलावा मंदिर के गर्भ गृह में जाकर शातिर ने देवता के मुकुट पर मोनाल की कलगी और चांदी के चांद को भी चोरी कर लिया है। सभी कारकूनों ने मंदिर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला, जिसमें एक व्यक्ति अपने सिर को ढक कर मंदिर के दरवाजे को खोलते हुए अंदर घुसा और बाद में जूतों के साथ ही मंदिर में प्रवेश किया। सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि शातिर पहले देवता का आशीर्वाद लेता है और बाद में चांदी के चांद और नकदी को जेब में डालता है।
दानपात्र में करीब दो हजार रुपये की चोरी होने की आशंका है। कारदार ने कहा कि भगवान विष्णु मंदिर में यह लगभग आठ से दसवीं चोरी है। इससे पहले 2017 में भी चोरी हुई थी जिसमें मंदिर चांदी के एक मुकुट को चोरी किया गया था। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है और शातिर की धरपकड़ के लिए मुहिम शुरू कर दी है।