भारत और पाक तस्कर बीएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था के बीच सरहद के रास्ते सुरक्षित और सुविधाजनक इलाकों से हेरोइन और हथियार की डिलीवरी के लिए व्हाट्सऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं।
तस्करों के इस नए पैतरे से खुफिया एजेंसियां और बीएसएफ के अधिकारी काफी चिंतित है। तस्कर व्हाट्सऐप पर कोड के जरिये संपर्क बनाए रखते हैं। यही कारण है कि सरहद से आसानी से हेरोइन व हथियार पंजाब भारत) पहुंच रहे हैं।
पुलिस के एआईजी रैंक के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ऐेसे कई तस्कर पकड़े हैं, जिन्होंने पाक तस्करों से व्हाट्सऐप के जरिये संपर्क बनाए जाने की बात स्वीकार की है। एसटीएफ भी फिरोजपुर के सरहदी क्षेत्रों में खेतों में दबी हेरोइन व हथियार बरामद कर चुकी है। यही नहीं सरहद पर लगी फेंसिंग पार खेतों में पाक तस्कर हेरोइन व हथियार दबा कर चले जाते हैं।
सरहद पर तैनात बीएसएफ जवानों को भी इसकी भनक तक नहीं लगती है, ऐसे केस एसटीएफ ने तस्करों को पकड़ उनकी निशानदेही पर फेंसिंग पार खेतों में दबी हुई हेरोइन बरामद की है। सरहद पर तस्कर पाक मोबाइल कंपनी का सिम कार्ड की बजाए व्हाट्सऐप पर तालमेल बनाए हुए हैं।
व्हाट्सऐप पर कोड के जरिये दोनों देशों के तस्कर संपर्क में रहते हैं और सरहद पर उन जगहों पर हेरोइन व हथियार की डिलीवरी मंगवा रहे हैं, जहां पर बीएसएफ की पैनी नजर नहीं पहुंच रही है या फिर उस इलाके में घना जंगल होने के कारण कम पेट्रोलिंग होती है।