जम्मू कश्मीर के कठुआ में मासूम बच्ची के साथ रेप के सात आरोपियों का ठिकाना अब बदल गया है। मामले की सुनवाई इन दिनों पंजाब में पठानकोट जिले की सेशन कोर्ट में चल रही है।
जज तजविंदर सिंह केस की सुनवाई कर रहे हैं। यहां रोजाना मामले की सुनवाई होगी, वो भी कैमरे के सामने यानी सुनवाई को रिकॉर्ड किया जाएगा। केस में 221 लोगों को गवाह भी बनाया गया है और सभी लोगों की पेशी भी होगी।
मामले में सात आरोपी हैं- विशाल, एसपीओ सुरेन्द्र कुमार, दीपक खजूरिया, आनंद दत्ता, सांझी राम, तिलक राज और प्रवेश कुमार। सभी को सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार बुधवार को जम्मू कश्मीर से गुरदासपुर स्थित सेंट्रल जेल लाया गया। शाम लगभग 6 बजे जम्मू कश्मीर पुलिस की गाड़ी एसपी हेम पुष्प शर्मा के नेतृत्व में सातों आरोपियों को लेकर गुरदासपुर जेल पहुंची।
सेशन जज तजविंदर सिंह की अदालत ने एसएसपी पठानकोट विवेकशील सोनी को अदालत में बुलाकर सभी आरोपियों को लाने-ले जाने और सुरक्षा की जिम्मेदारी निजी तौर पर सौंपी। यही नहीं इस मामले को निजी तौर पर मॉनिटर करने को भी कहा। इसके साथ ही जज ने गुरदासपुर केंद्रीय जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को भी बुलाकर ऑर्डर की कापी सौंपी।
जज ने एसएसपी को आरोपियों के जान-माल, स्वास्थ्य, जेल के अंदर देख रेख तथा आरोपियों के संपर्क में रहने को कहा। उन्होंने कहा कि अब सातों आरोपी पंजाब पुलिस की जिम्मेदारी हैं। दूसरी तरफ बचाव पक्ष के वकील एके साहनी ने बताया कि बुधवार को आठवें गवाह की जिरह और गवाही खत्म हो गई।