115 गेंदों पर 171 रनों की पारी खेलकर इतिहास रचने वाली हरमनप्रीत कौर ने एक इंटरव्यू में अपने दिल की बड़ी ख्वाहिश बताई है, देखिए
दरअसल, महिला विश्व कप से सभी की आंखों का तारा बनीं क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर का पंजाब पुलिस में डीएसपी की नौकरी पाना एक सपना रहा है। विश्व कप के सेमीफाइनल में 115 गेंदों पर 171 रनों की पारी ने उनकी जिंदगी बदल दी है।
कभी रोजगार की तलाश में अपने मूल राज्य पंजाब से पलायन करने वाली हरमनप्रीत के लिए अब उनका राज्य घर वापसी के लिए इंतजार कर रहा है। इस दिशा में पिछले दिनों राज्य सरकार ने उन्हें सम्मानित कर पंजाब पुलिस में बतौर डीएसपी की नौकरी ऑफर किया है।
हरमन के लिए यह खुशी के पल जरूर हैं, लेकिन इसके बाद वह रेलवे की नौकरी छोड़ने को लेकर दुविधा में हैं। रेलवे ने संघर्ष के दिनों में उन्हें नौकरी दी थी। हरमनप्रीत मूलरूप से मोगा की रहने वाली हैं। सीआईआई में इंडियन कॉरपोरेट प्रीमियर लीग के सिलसिले में वह सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचीं थीं।
इस दौरान हरमनप्रीत ने मीडिया के साथ बातचीत में पंजाब पुलिस में डीएसपी पद के लिए मिले ऑफर को खुद के लिए उपलब्धि बताया। हरमन ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ रहना चाहती हैं। खासकर उस स्थिति में जब मुझे क्रिकेट खेलते हुए चोट लग जाती है, ऐसे में घर और परिवार नजदीक होना चाहिए।