मेष
मेष राशि के जातकों के लिए अप्रैल का महीना नये अवसरों के द्वार खोलने के साथ नई चुनौतियां भी लेकर आने वाला है। ऐसे में इस पूरे माह मेष राशि के जातकों को वीर भोग्या वसुंधरा का मूलमंत्र याद रखते हुए प्रत्येक परिस्थिति से तालमेल बिठाने का प्रयास करना होगा। तभी वे अपने लक्ष्य प्राप्ति में सफल हो पाएंगे। हालांकि अप्रैल महीने की शुरुआत आपके लिए शुभ साबित होगी। इस दौरान बेरोजगार लोगों को रोजी-रोजगार मिल सकता है तो वहीं पहले से कार्यरत लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी।
व्यवसाय की दृष्टि से भी अप्रैल महीने का पहला सप्ताह आपके लिए शुभ साबित होगा लेकिन दूसरे सप्ताह से आपको काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान आपको घर और बाहर दोनों जगह कुछेक परेशानियों से दो चार होना पड़ सकता है। इस माह किसी कानूनी विवाद के चक्कर में आपको कोर्ट-कचहरी के चक्कर तक लगाने पड़ सकते हैं।
अप्रैल महीने के तीसरे सप्ताह में आपको अपने संबंध और सेहत का विशेष ख्याल रखना होगा। माह के उत्तरार्ध में आपको मौसमी बीमारी अथवा किसी दुर्घटना आदि बचने की आवश्यकता रहेगी। माह के उत्तरार्ध में स्वजनों की बेरुखी आपकी चिंता का कारण बनेगी। इस दौरान लोगों के साथ वाद-विवाद से बचें। हालांकि करियर-कारोबार की दृष्टि से अप्रैल का उत्तरार्ध आपके लिए शुभ साबित होगा। इस दौरान परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को शुभ समाचार मिल सकते हैं।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की उपासना करें तथा मंगलवार के दिन हनुमान जी के मंदिर में भगवा रंग की ध्वजा चढ़ाएं।
2 of 12
उच्च शिक्षा संबंधी अड़चनें दूर होंगी।
- फोटो : अमर उजाला
वृषभ
अप्रैल के उत्तरार्ध का यदि कुछ समय यदि छोड़ दिया जाए तो पूरा महीना आपके लिए अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद रहने वाला है। इस माह आपके बड़े सपने साकार होते हुए नजर आएंगे। बेरोजगार लोगों को रोजगार की प्राप्ति होगी। उच्च शिक्षा संबंधी अड़चनें दूर होंगी। पहले से कार्यरत लोगों की प्रोफेशनल लाइफ बेहतर होगी और उनका नेटवर्क काफी मजबूत होगा। यदि आप लंबे समय से नौकरी में बदलाव के लिए प्रयासरत थे तो इस माह आपकी ये मनोकामना पूरी हो सकती है। कुल मिलाकर इस माह आपको आपकी परिश्रम और आपके प्रयास का पूरा फल प्राप्त होगा।
व्यवसाय से जुड़े लोगों को माह के मध्य में अपने कारोबार को लेकर सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान सोचे हुए कार्यों में मनचाही सफलता पाने के लिए सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों को मिलाकर चलना उचित रहेगा। वृषभ राशि के जातकों को इस पूरे माह अपने कागजी कार्य पूरा करके रखना चाहिए। यदि आप अपने कार्य योजनाबद्ध तरीके से करते हैं तो आपको अपेक्षा से अधिक धन लाभ की प्राप्ति संभव है।
माह के उत्तरार्ध में लंबी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी। इस दौरान सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों की प्राप्ति संभव है। प्रेम संबंध को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने लव पार्टनर के साथ संवाद बनाए रखें।
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।
3 of 12
कार्यक्षेत्र एवं व्यावसायिक स्थल पर आपकी लोकप्रियता का ग्राफ बढ़ेगा।
- फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए अप्रैल का महीना अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस माह आपके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं और लंबे समय से आपके प्रयास और परिश्रम की उपेक्षा की जा रही थी तो इस माह आपको उसका फल मिल सकता है। लोग आपकी कार्ययोजना की तारीफ करेंगे। आप पर उच्च अधिकारियों की पूरी कृपा बरसेगी। आपको अपने से वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों का सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा।
कार्यक्षेत्र और व्यावसायिक स्थल पर आपकी लोकप्रियता का ग्राफ बढ़ेगा। माह के दूसरे सप्ताह में किसी मित्र अथवा शुभचिंतक की मदद से करियर-कारोबार में प्रगति के योग बनेंगे। इस दौरान ऋण-रोग आदि से आपको मुक्ति मिलेगी। यदि आप लंबे समय से विदेश में करियर अथवा कारोबार के लिए प्रयासरत थे तो उनमें आ रही अड़चनें दूर हो जाएंगी। इस पूरे माह आपका स्वास्थ्य उत्तम और पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। माह के मध्य में संतान की तरफ से कोई सुखद समाचार मिल सकता है। जिससे आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी।
माह के उत्तरार्ध तक आपके करियर-कारोबार आदि में आमूल-चूल परिवर्तन के योग बनेंगे। भूमि-भवन, वाहन का सुख प्राप्त होगा। किसी के साथ हुई मित्रता प्रेम संबंध में बदल सकती है। पहले से चले आ रहे प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
4 of 12
माह की शुरुआत आपके लिए शुभ साबित होगी
- फोटो : अमर उजाला
कर्क
कर्क राशि के जातकों को अप्रैल महीने में जोश में आकर होश खोने से बचना होगा। माह की शुरुआत आपके लिए शुभ साबित होगी और आपके अधिकांश कार्य समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे, लेकिन इस दौरान आपको अतिउत्साह और अति आत्मविश्वास से बचना होगा अन्यथा आपकी सफलता और लाभ के प्रतिशत में कमी आ सकती है। अप्रैल महीने का पूर्वार्ध परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए शुभ साबित होगा। इस दौरान उन्हें उनके परिश्रम और प्रयास का पूरा फल प्राप्त होगा। कर्क राशि के जातकों को इस माह पैतृक संपत्ति की प्राप्ति हो सकती है।
अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में अपनी सेहत और संबंध को लेकर लापरवाही करने से बचें। इस दौरान लोगों के साथ हास करते समय इस बात का पूरा ख्याल रखें कि गलती से भी किसी का उपहास न होने पाए अन्यथा आपके आत्मीय रिश्तों में दरार आ सकती है। कर्क राशि के जातकों को इस दौरान विपरीत लिंग के साथ बात-व्यवहार करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी।
माह के मध्य में आप पर किसी प्रभावी या वरिष्ठ व्यक्ति की कृपा बरसेगी और आप उसके सहयोग से बड़ी उपलब्धि पाने में कामयाब हो जाएंगे। माह के उत्तरार्ध में पद-प्रतिष्ठा में बढ़ोत्तरी होगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। परिवार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।
उपाय: प्रतिदिन पारद शिवलिंग की पूजा एवं शिवाष्टकं का पाठ करें।
5 of 12
सिंह राशि के जातकों के लिए अप्रैल का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है।
- फोटो : daily rashifal
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए अप्रैल का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। इस माह आपको लोगों के साथ बात-व्यवहार करते समय खूब सावधानी रखनी होगी, अन्यथा आपके बनते काम भी बिगड़ सकते हैं। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो कार्यस्थल पर आपको माह की शुरुआत में ही अनचाहे बदलावों को स्वीकार करना पड़ सकता है। इस दौरान आपकी जिम्मेदारियों में बदलाव या फिर तबादला हो सकता है। सिंह राशि के जातकों को अप्रैल माह में ऋण, रोग और शत्रुओं से खूब बचने की आवश्यकता रहेगी।
माह के दूसरे सप्ताह में आप पर कोई झूठे आरोप लगाकर अपमानित करने का षडयंत्र रच सकता है। यह समय सेहत की दृष्टि से भी प्रतिकूल रहेगा। इस दौरान आपकी कोई पुरानी बीमारी उभर सकती है। समय पर सही तरह से इलाज न करने पर आपको अस्पताल के चक्कर तक काटने पड़ सकते हैं। यदि आप कोर्ट-कचहरी से जुड़े किसी फैसले का इंतजार कर रहे हैं तो आपको इसके लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए माह के मध्य का समय अनुकूल रहेगा। इस दौरान आप बाजार में आई तेजी का लाभ उठाने में कामयाब रहेंगे। इस दौरान आप अपनी सूझबूझ से घर-परिवार के मसलों का हल निकालने में भी कामयाब होंगे। माह के उत्तरार्ध में किसी बुजुर्ग की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। कठिनाई भरे समय में भाई-बहन और जीवनसाथी का सहयोग-समर्थन संबल प्रदान करेगा।
उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्यदेव को अघ्र्य देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।