हमीरपुर। हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें आईजीएमसी शिमला से एनेस्थीसिया डिपार्टमेंट से असिस्टेंट प्रो. डॉ. अंकिता चौहान और डॉ. अमित चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने विद्यार्थियों को हर समय प्रयत्नशील रहने, मार्ग से न भटकने, लक्ष्य निर्धारित करने, सही मार्ग अपनाने और आराम त्याग कर मेहनत करने के बारे में प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्यक्रम की सराहना की। समारोह में विद्यालय में सरस्वती वंदना, वेस्टर्न डांस, अशोका द ग्रेट (एपिक डांस), देशभक्ति गाने, पंजाबी भंगड़े तथा हिमाचली नाटी सहित अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके बाद जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि और प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को वार्षिक पारितोषिक वितरित करते हुए बैंड-1 के लगभग 250 छात्रों को पुरस्कृत किया। इससे पहले समारोह का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष आरसी लखनपाल, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभा लखनपाल, निदेशक पंकज लखनपाल, विद्यालय प्रधानाचार्य नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा व उप प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।