सोनीपत: दीप सिद्धू के शव का मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम, कराई वीडियोग्राफी, ट्राला चालक पर केस दर्ज
पंजाबी अभिनेता व गायक के भाई के बयान पर ट्राला चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक की तलाश में पुलिस की तीन टीम लगाईं गई हैं। पुलिस ने अभिनेता के ब्लड सैंपल लिए हैं। वहीं मृतक सिद्धू की मंगेतर की हालत में सुधार हो रहा है। उनका दिल्ली के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे का शिकार हुए पंजाबी अभिनेता, गायक और किसान आंदोलन के दौरान लालकिला हिंसा के आरोपी संदीप उर्फ दीप सिद्धू के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के साथ ही पूरी वीडियोग्राफी कराई।
इस दौरान पंजाब से आए परिवार के सदस्य व अन्य लोग काफी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस ने उनके भाई के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे में चोटिल उनकी मंगेतर रीना राय को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत सामान्य है।
लाल किले पर हुई हिंसा के आरोप के बाद सुर्खियों में आए पंजाब के बठिंडा स्थित नेहरू कॉलोनी निवासी सिद्धू की मंगलवार रात केएमपी पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपनी मंगेतर यूएसए निवासी रीना राय के साथ मंगलवार रात स्कॉर्पियो गाड़ी से दिल्ली से पंजाब के लिए चले थे। पिपली टोल प्लाजा के नजदीक उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्राला से टकरा गई थी।
केएमपी पर हादसे में पंजाबी अभिनेता की मौत के अस्पताल में पहुंचे परिजन व अन्य।
पुलिस टीम ने बुधवार सुबह उनके शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के लिए डॉ. पंकज केसवानी, डॉ. राजेश सिंह व डॉ. भानू के मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया था। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने उनके भाई पंजाब के लुधियाना स्थित जगजीत नगर निवासी मंदीप सिंह के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम चालक की तलाश कर रही है। वहीं घटना के बाद एडीजीपी संदीप खिरवार व आईजी ममता सिंह ने भी थाने व घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर जाते हुए एंबुलेंस पर बरसाए पुष्प
पुलिस ने बुधवार सुबह 11 बजे दीप सिद्धू के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। उनके शव को एंबुलेंस से लुधियाना के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजनों व उनके साथ लोगों ने एंबुलेंस पर पुष्प वर्षा की। साथ ही जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे भी लगाए। निहंगों ने दीप सिद्धू अमर रहे, कौम का भाई दीप सिद्धू के नारे लगाते हुए शव वाहन पर फूल बरसाए। इस दौरान परिजन रोते हुए शव वाहन के साथ गाडिय़ों में बैठकर पंजाब के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम हाउस पर भारी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। सिद्धू के शव वाहन के साथ पुलिस की कई गाड़ियां पंजाब के लिए रवाना हुईं।
केएमपी पर हादसे में पंजाबी अभिनेता की मौत के बाद उनके शव को लेकर चली एम्बुलेंस पर पुष्प वर्षा करते परिजन व परिचित।
खरखौदा पहुंचे सिद्धू के भाई ने ट्राला चालक के खिलाफ दी शिकायत
पुलिस ने मंगलवार रात ही दीप सिद्धू के परिवार के लोगों को हादसे की सूचना दी थी। सूचना पाकर दीप सिद्धू के परिवार के लोग और रिश्तेदार उसके भाई मंदीप सिद्धू के साथ खरखौदा पहुंचे। मंदीप सिद्धू ने पहले अकेले में हादसे के समय दीप सिद्धू के साथ मौजूद उसकी मंगेतर रीना राय से घटना की जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने हादसे में मौत होने की शिकायत पुलिस को दी। ट्राला मालिक की पहचान के बाद पुलिस ने ट्राला को मौके से कब्जे में ले लिया था। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस ने दो टीमों को लगाया है। पुलिस दीप सिद्धू की मंगेतर से भी ज्यादा जानकारी नहीं ले सकी है। पुलिस की टीम उसके साथ दिल्ली में है। उसके सामान्य होते ही बयान लिए जाएंगे।
घटना के बारे में जानकारी देते एसपी राहुल शर्मा।
स्कार्पियों से शराब की आधी बोतल की बरामद
पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी के अंदर से शराब की आधी बोतल बरामद की है। पुलिस अब पता लगाएगी कि हादसे के समय दीप सिद्धू ने शराब पी थी या नहीं। इस बारे में एसएसपी राहुल शर्मा ने अभी किसी निर्णय पर पहुंचने से मना करते हुए कहा कि पुलिस ने ब्लड सैंपल लिए हैं। साथ ही विसरा भी लिया गया है। जिनकी जांच रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा।
दीप सिद्धू की मौत के मामले में भाई के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। ब्लड के सैंपल लेने के साथ ही विसरा भी लिया गया है। जिसे जांच को लैब में भेजा जाएगा। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। -राहुल शर्मा, एसएसपी सोनीपत