रोहतक। वैश्य एजुकेशन सोसायटी के त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर भले प्रधान व महासचिव के बीच उभरा विवाद नहीं सुलझा है, मगर चुनावी प्रक्रिया जरूर रफ्तार पकड़ रही है। कॉलेजियम चुनाव को लेकर संस्था के सदस्यों में जोश साफ नजर आ रही है। यही वजह है कि लगातार आवेदन पत्रों की डिमांड व उन्हें भरकर जमा करने की होड़ सी लगी है। शुक्रवार को 15 नामांकन दाखिल होने की सूचना मिली है। यही नहीं करीब 300 लोगों ने नामांकन पत्र लिए हैं। इधर, संस्था प्रधान ने महासचिव की चुनावी प्रक्रिया को असंवैधानिक करार देते हुए आठ जून को गवर्निंग बॉडी की बैठक बुलाने का दावा किया है।
महासचिव डॉ. चंद्र गर्ग का कहना है कि लायन क्लब के पूर्व प्रधान एवं वैश्य एजुकेशन सोसायटी के उपप्रधान सुभाष गुप्ता, हरियाणा व्यापार मंडल एवं वैश्य एजुकेशन सोसायटी के कानूनी सलाहकार नितिन बंसल जैन ने शुक्रवार को कोलेजियम चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। सोसायटी कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी के तौर पर उन्हें नामांकन पत्र सौंपा। समाज के लोगों ने चुनाव प्रक्रिया को सही ठहराते हुए नामांकन प्रक्रिया के तहत आवेदन शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को 15 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इसके अलावा 300 लोगों ने आवेदन लिए हैं। इधर, वैश्य एजुकेशन सोसायटी के प्रधान विकास गोयल ने बताया कि महासचिव असंवैधानिक रूप से सोसायटी की त्रिवार्षिक चुनाव प्रक्रिया चला रहे हैं। जिला रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज ने स्थगन आदेश जारी करते हुए उन्हें सोसायटी के संविधान व नियमानुसार गवर्निंग बॉडी की विशेष बैठक बुलाने की हिदायत जारी की है। इसके बाद भी वे चुनावी प्रक्रिया जारी रखते है तो वह कानूनी रूप से अमान्य होगी। उन्हें इस बारे में पालना रिपोर्ट जमा कराने को कहा है। यही नहीं महासचिव को पत्र लिखकर गवर्निंग बॉडी की विशेष बैठक बुलाने के लिए अनुरोध किया गया, मगर बैठक नहीं बुलाई गई। इसलिए सोसायटी संविधान में प्रधान को प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए गवर्निंग बॉडी की विशेष बैठक 8 जून को वैश्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सभागार में बुलाई गई है। बैठक में सोसायटी के चुनावी कार्यक्रम, निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति व मतदाता सूची फाइनल करने पर विचार विमर्श किया जाएगा।