{"_id":"6019a0010eb2346f0f34f064","slug":"kisan-andolan-news-two-farmers-died-at-tikri-border","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा : टीकरी बॉर्डर पर आंदोलनरत कैथल और संगरूर के दो किसान की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा : टीकरी बॉर्डर पर आंदोलनरत कैथल और संगरूर के दो किसान की मौत
Wed, 03 Feb 2021 12:29 AM IST
ajay kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़ (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़ (हरियाणा)
Published by: ajay kumar
Updated Wed, 03 Feb 2021 12:29 AM IST
विज्ञापन
किसान आंदोलन (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
टीकरी बॉर्डर धरने में शामिल दो किसानों की मौत हो गई। मृतकों में एक बुजुर्ग किसान हरियाणा के कैथल जिले का निवासी और दूसरा युवा किसान पंजाब के संगरूर का निवासी था। कैथल निवासी बुजुर्ग की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई। पंजाब के निवासी युवा किसान की मौत हृदयाघात से होने का अनुमान लगाया गया है।
विज्ञापन
कैथल जिले के गांव जुलाना खेड़ा के दिलीप सिंह (72) दो माह से बहादुरगढ़ बाईपास पर आंदोलनकारी किसानों के जत्थे में ठहरे हुए थे। वह हर रोज आंदोलन की गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। सोमवार सुबह लघुशंका के लिए सड़क पार करने लगे तो उन्हें वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उन्हें काफी चोटें आई। साथी किसानों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए पीजीआई रोहतक पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गई।
विज्ञापन
बहादुरगढ़ के सेक्टर-16/17 की पुलिस चौकी के प्रभारी हरिप्रकाश ने बताया कि मृतक के पौत्र नीरज के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में करवाकर पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
पंजाब के युवा किसान की हुई मौत
बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 के साथ बाईपास पर नए स्टैंड के नजदीक ट्रैक्टर-ट्राली में ठहरे पंजाब के रहने वाले युवा किसान संदीप की मंगलवार की अल सुबह मौत हो गई। उनके साथी किसान उन्हें लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। साथी किसानों ने संदीप के परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। करीब 30 वर्षीय संदीप पंजाब के संगरूर जिले के गांव रामपुर छैना के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, संदीप रात को खाना खाकर सो गए। मंगलवार की अल सुबह देर तक नहीं उठे तो साथी किसानों ने जगाने के लिए आवाज लगाई। इसके बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और जगाने के लिए उन्हें हिलाया तो वह निढाल मिले। सेक्टर-9 पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि संदीप की मौत हृदयघात से होने का अनुमान लगाया गया है। मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।