गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह श्रीश्री गोपाल मंदिर मोहद्दीपुर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी ने मोहद्दीपुर गुरुद्वारा में मथा टेक कर सिख समाज से समर्थन मांगा।
पूजा व अरदास से शुरुआत: गोरखपुर में योगी की घर-घर दस्तक, सिख समुदाय के लोगों से कर रहे मुलाकात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पहले मंदिर में पूजा की फिर गुरुद्वाराे में माथा टेका। फिर सिख समुदाय के लोगों के घर-घर जाकर मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने भव्य तरीके से सीएम योगी का स्वागत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शब्दों में व्यक्त नहीं हो सकता गुरु परंपरा का गौरव
सिख समाज के प्रति अपनी श्रद्धा को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि गोरखपुर के गुरुद्वारों में उनका आना जाना दशकों से बना हुआ है। लखनऊ में रहने के दौरान भी और किसी न किसी गुरुद्वारे में जरूर जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिख समाज कि गुरु परंपरा के गौरव को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, इस समाज ने विपरीत परिस्थितियों में देश को बचाया है।सीएम योगी ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और चार साहिबजादों की याद में लखनऊ के मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। साथ ही बताया कि सिख समाज की परंपराओं को सम्मान देने कि जो शुरुआत उत्तर प्रदेश से हुई उसका परिणाम है कि चार साहिबजादों के बलिदान दिवस को पूरे देश में बाल दिवस घोषित किया गया है। देश व धर्म की रक्षा में सिख गुरुओं का बलिदान प्रेरणास्रोत बना रहे, इसके लिए कई कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पांच साल में बदल गई उत्तर प्रदेश की छवि
सीएम योगी ने कहा कि पांच साल पहले उत्तर प्रदेश के बारे में बाहर क्या धारणा थी, इसे आप सभी जानते हैं। यहां के लोग हेय दृष्टि से देखे जाते थे। युवा हतोत्साहित होता था। भाजपा की सरकार ने पीएम मोदी के मार्गदर्शन में एक लंबी एक्सरसाइज के बाद प्रदेश की नकारात्मक छवि को पांच सालों में बदल दिया है। वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए अब पहचान का संकट नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने सिर्फ अपने बारे में सोचा था। उनके राज में दंगा, पलायन और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अराजकता थी। भाजपा सरकार ने न केवल कोरोना को नियंत्रित किया बल्कि, पलायन को भी रोका। पूर्व की सरकारों में पलायन कर चुके व्यापारी वापस आकर अपना कारोबार कर रहे हैं। बेटियां स्कूल जा रही हैं तो माताएं-बहने सुरक्षित हैं। हर गरीब को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव मिल रहा है।
गुरुद्वारे में मत्था टेका सीएम योगी ने
मतदाता सम्मेलन में पंजाबी समाज के लोगों को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुद्वारा मोहद्दीपुर में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे का भ्रमण भी किया और यहां की व्यवस्थाओं को देखकर बेहद खुश हुए। गुरुद्वारा समिति की ओर से मंच पर उनका अभिनंदन माल्यार्पण, अंगवस्त्र व तलवार भेंट कर किया गया।
सीएम योगी ने सिख समाज के डॉ हरीश कुमार अरोड़ा, हरमीत सिंह, पूनम भाटिया और दीपक कक्कड़ के घर समर्थन मांगा। वहीं मोहद्दीपुर गुरुद्वारा समिति के सचिव मनमोहन सिंह लाडे, दीप कक्कड़, कन्हैया भाटिया, डॉ हरीश अरोड़ा और हरिवंश छतवाल घर-घर जाकर भाजपा के लिए समर्थन मांग रहे हैं।
बोले सो निहाल और जय श्रीराम के गूंजे जयकारे
सीएम योगी के मोहद्दीपुर गुरुद्वारा एवं इसके समक्ष आयोजित मतदाता सम्मेलन में पहुंचने पर "जो बोले सो निहाल सतश्री अकाल" तथा जय श्रीराम के गगनभेदी नारे गूंज उठे। पंजाबी समाज के लोग लगातार इन नारों को दोहराते रहे। मतदाता सम्मेलन में गोरखपुर के सांसद रवि किशन, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि समेत कई लोग मौजूद रहे।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से नामांकन किया था। सीएम योगी के साथ गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी मौजूद थे। यह पहला मौका था कि तीनों बड़े नेता एक साथ किसी के नामांकन में शामिल होने के लिए गोरखपुर पहुंचे थे। सीएम योगी गोरखपुर शहर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार बनाए गए हैं।