{"_id":"68cef367cbf3997e2f0a2c9e","slug":"people-face-the-problems-na-news-c-121-1-lkh1003-144334-2025-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pilibhit News: धरने की आड़ में हाईवे पर लगाया जाम, विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Pilibhit News: धरने की आड़ में हाईवे पर लगाया जाम, विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार
Sun, 21 Sep 2025 12:03 AM IST
नोएडा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 21 Sep 2025 12:03 AM IST
विज्ञापन
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों से बात करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीलीभीत में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा लिखे जाने के विरोध में धरना देने पहुंचे संगठन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर टनकपुर हाईवे पर नेहरू पार्क के सामने आधा घंटे जाम लगा दिया। निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बावजूद धरना खत्म न करने पर पुलिस ने जिलाध्यक्ष समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती देख अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके से चले गए।
विज्ञापन
न्यूरिया के पंडरी की गोशाला के संचालक और प्रधान पुत्र कमल कुमार को 12 सितंबर को पीटने और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में अगले दिन मुकदमा दर्ज कराया गया था। परिषद के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह के अलावा गोपाल शर्मा, शैली उर्फ जौैली, गौरव राणा को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात हमलावर दर्शाए गए थे। रिपोर्ट दर्ज करने की भनक लगते ही 13 सितंबर की शाम को ही परिषद के जिलाध्यक्ष ने अन्य पदाधिकारियों के साथ न्यूरिया थाने पहुंचकर विरोध जताया था। पुलिस से नोकझोंक के बीच दर्ज मुकदमे को फर्जी बताकर खारिज करने की मांग की थी। सीओ सदर नताशा गोयल ने निष्पक्ष विवेचना का आश्वासन दिया था।
विज्ञापन
अब तक मुकदमा खारिज न करने पर संगठन के लोगों ने धरने की चेतावनी दी थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह 11 बजे जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेहरू पार्क पहुंचे। वहां हाईवे किनारे दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया गया। प्रदर्शन में साथ देने के लिए करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह व भारतीय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान भी वहां पहुंचे। कुछ देर बाद पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल निर्णय की मांग पर अड़े रहे। पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी और जाम नहीं हटाने पर संगठन के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह, भाकियू पदाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान और एक महिला नेता को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र को पुलिस ने अन्य जगह से गिरफ्तार किया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि संगठन की ओर से धरना और ज्ञापन देने की जानकारी दी गई। हाईवे पर धरना और जाम लगाकर अराजकता फैलाई गई। इस पर कार्रवाई की गई है।
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पहले ही मुकदमे की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया जा चुका था। इसके बावजूद नियम विरुद्ध तरीके से हाईवे जाम किया गया। मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आधे घंटे जाम रहा हाईवे, तीन पुलिस कर्मी दिखे मौजूद
जाम लगाने का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था लेकिन धरना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। केवल एक दरोगा और दो सिपाही मौके पर मौजूद रहे जो मूकदर्शक बने खड़े रहे। आधा घंटा बीतने के बाद जब अधिकारियों तक सूचना पहुंची तब पुलिसकर्मी हरकत में आए। इसके बाद सख्ती कर जाम खुलवाया गया। हालांकि जाम की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस की टीम भी वहां पहुंच गई और वाहनों को निकलवाकर यातायात सुचारू कराया।
सीओ की चेतावनी के बाद अधिकतर कार्यकर्ता कर गए किनारा
हाईवे पर जाम लगाने और दर्ज मुकदमे में त्वरित निर्णय लेने की मांग पर अड़े पदाधिकारी पहले तो मौजूद अफसरों की एक भी सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। संगठन के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी बातचीत करते रहे। न मानने पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने सख्ती करते हुए कहा कि जिसे जेल जाना हो वह रुक जाए, बाकी चले जाएं। यह सुनकर अधिकतर पदाधिकारी किनारा कर गए। पुलिस ने यशवंत सिंह और धमेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
समर्थन मेंं कोतवाली पहुंचे भाकियू पदाधिकारी
हाईवे पर जाम लगाने के आरोप में भाकियू पदाधिकारी धमेंद्र की गिरफ्तारी की जानकारी लगने के बाद भाकियू के मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो, जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे। अपना पक्ष रखते हुए संगठन के पदाधिकारी को छोड़ने की बात कही। पुलिस ने हाईवे जाम करने का हवाला दिया। कुछ देर रुकने के बाद पदाधिकारी लौट गए।